मुरादाबाद मंडल में फ्रेट कस्टमर्स मीटः कारोबारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा
-आरके सिंह- मुरादाबाद। रेलवे और व्यापारिक प्रतिष्ठानों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर माल ढुलाई को बढ़ावा देने तथा कारोबारियों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने पर जोर दिया गया। मुरादाबाद मंडल कार्यालय के मनन सभागार में बुधवार को आयोजित फ्रेट कस्टमर्स मीट में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्रीमती विनीता श्रीवास्तव ने व्यापारिक प्रतिनिधियों की समस्याएं और सुझाव सुने तथा मंडल स्तर पर उनके शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिलाया।
बैठक में जगदीश इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड, बरेली, टाटा स्टील लिमिटेड, अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, हिन्द टर्मिनल, अडानी सीमेंट, आईओसीएल, बीपीसीएल, द्वारिकेश शुगर मिल, डीसीएम श्रीराम लिमिटेड, कॉनकॉर, महिंद्रा लॉजिस्टिक लिमिटेड, टीसीआई और रोजा पावर सप्लाई कंपनी लिमिटेड समेत विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों के करीब 40 प्रतिनिधि शामिल हुए।
रैक की सूचना एक दिन पहले देने का सुझाव
जगदीश इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड, बरेली की ओर से संजीव खंडेलवाल ने सुझाव दिया कि रैक उपलब्ध होने की सूचना एक दिन पहले समय से दी जानी चाहिए। उन्होंने रेलवे के सकारात्मक सहयोग के लिए आभार भी जताया।
व्यापारियों की समस्याओं के प्राथमिकता से समाधान का भरोसा
डीआरएम विनीता श्रीवास्तव ने कहा कि रेलवे से संबंधित व्यावसायिक गतिविधियों में आने वाली समस्याओं का मंडल स्तर पर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाएगा। व्यापारिक प्रतिनिधियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी समय-समय पर संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली जाएगी और समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने माल यातायात से जुड़ी समस्याओं और सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना तथा उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही मुरादाबाद मंडल में फ्रेट यातायात को और बढ़ाने के लिए व्यापारियों से सुझाव मांगे।
2.61 मिलियन टन माल की लोडिंग
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) विपिन शर्मा ने वित्त वर्ष 2026-27 में अगस्त 2026 तक मंडल की फ्रेट उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि इस अवधि में मंडल में कुल 2.61 मिलियन टन माल की लोडिंग की गई, जिससे रेलवे को 229.84 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
उन्होंने कहा कि रेल परिचालन को अधिक प्रभावी और तेज बनाने के लिए नई पद्धतियां अपनाई जा रही हैं तथा निरंतर सुधार कार्य किए जा रहे हैं।
गुड्स शेडों में बढ़ेंगी बुनियादी सुविधाएं
विपिन शर्मा ने बताया कि मुरादाबाद मंडल के विभिन्न गुड्स शेडों में आधारभूत संरचना के सुधार और विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य कर्मचारियों और व्यापारियों को बेहतर कार्य वातावरण तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
अमरोहा, बुंदकी, इकबालपुर, हरदोई, बिजनौर, रुड़की, रामपुर और चंदेसी समेत मंडल के सभी संचालित गुड्स शेडों में मर्चेंट रूम, सीजीएस रूम, लेबर रूम, हाई मास्ट लाइट, पेयजल, सीसीटीवी कैमरा, ड्रेनेज, अप्रोच रोड और कवर्ड शेड जैसी सुविधाओं के विकास एवं सुधार का काम किया जा रहा है।
नए गुड्स शेड के लिए स्थान चिह्नित
व्यापारियों की सुविधा के लिए मंडल में नए गुड्स शेड विकसित करने की तैयारी भी की जा रही है। अगवानपुर, सोहरा, दबरतरा, कोड़ा और लाखन में निर्माण कार्य किए जा रहे हैं।
बैठक में कार्गो संबंधी सुविधाओं की भी व्यापारिक प्रतिनिधियों को जानकारी दी गई। रेलवे अधिकारियों ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों को रेल भूमि पर कारोबार के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
सुरक्षित लोडिंग-अनलोडिंग पर जोर
रेलवे अधिकारियों ने वैगनों के संचालन तथा माल की सुरक्षित लोडिंग और अनलोडिंग से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी। बीटीपीएन टैंक वैगन तथा बीसीएन/बीसीएनएचएल ढके हुए वैगनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए लोडिंग-अनलोडिंग करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि माल को सुरक्षित रूप से गंतव्य तक पहुंचाया जा सके।
बैठक के अंत में व्यापारिक प्रतिनिधियों ने रेलवे की ओर से किए जा रहे सुधार कार्यों और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को लेकर अपने सुझाव साझा किए। रेलवे अधिकारियों ने सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।