पत्नी की दोस्त बनी ठग, आगरा में ज्वेलर से 6.75 करोड़ की सुनियोजित ठगी, फर्जी प्लॉट एग्रीमेंट से दिया झांसा
आगरा। आगरा में भरोसे और दोस्ती की आड़ में करोड़ों की ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कमला नगर थाना क्षेत्र में एक ज्वेलर से उसकी पत्नी की करीबी सहेली ने ऐसा जाल बिछाया कि व्यापारिक लेन-देन के नाम पर 6.75 करोड़ रुपये हड़प लिए। इतना ही नहीं, बकाया चुकाने के नाम पर दिया गया प्लॉट का एग्रीमेंट भी फर्जी निकला। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी महिला और उसके आठ परिजनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कमला नगर निवासी गौरव पोद्दार ने पुलिस को बताया कि मोती कटरा में उनकी फर्म शिव शक्ति ट्रेडर्स है, जिसका संचालन उनकी पत्नी संगीता के नाम से होता है। संगीता की फ्रेंड पिंकी झा, जो सिकंदरा क्षेत्र की ईंट की मंडी स्थित वीएस टॉवर की रहने वाली है, ने अपने पति के कारोबार के लिए उधारी में ज्वेलरी देने का लगातार दबाव बनाया।
पीड़ित के अनुसार 17 अक्टूबर 2025 को पत्नी के कहने पर उन्होंने पिंकी झा की फर्म एए इंटरप्राइजेज (किनारी बाजार) को करीब 11.58 करोड़ रुपये की ज्वेलरी दे दी। इसके एवज में 4.83 करोड़ रुपये का भुगतान तो कर दिया गया, लेकिन 6.75 करोड़ रुपये बकाया रह गए। जब रकम की मांग की गई तो आरोपियों की ओर से बार-बार बहाने बनाए जाते रहे।
कुछ समय बाद पिंकी झा, उसकी सास उमा रानी और ननद कंचन झा ने बकाया रकम चुकाने के लिए एक प्लॉट का मूल बैनामा और एग्रीमेंट सौंपा। भरोसा दिलाया गया कि जल्द ही भुगतान हो जाएगा। लेकिन जब ज्वेलर ने दस्तावेजों की जांच कराई तो खुलासा हुआ कि दिया गया एग्रीमेंट पूरी तरह फर्जी है।
इस धोखाधड़ी का पता चलने पर जब ज्वेलर ने कानूनी कार्रवाई की बात कही, तो आरोपियों ने कथित तौर पर उसे झूठे मामलों में फंसाने और पूरी रकम हड़प लेने की धमकी दी। मामला यहीं नहीं रुका। 31 अक्टूबर को जब ज्वेलर बकाया रकम मांगने आरोपियों की दुकान पर पहुंचा, तो पिंकी झा के पति रोहित झा, देवर मोहित झा और ननद कंचन झा सहित अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
घटना से आहत ज्वेलर ने सभी बिल, रसीदें और लेन-देन से जुड़े दस्तावेज पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के सामने पेश किए। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस आयुक्त के निर्देश पर कमला नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई।
डीसीपी सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ठगी, फर्जी दस्तावेज और धमकी से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जाएगी।