दुबई से ताजनगरी तक चैंपियन का जलवा, 10 किलोमीटर के रोड शो में प्राची पचौरी के लिए उमड़ा सम्मान

Dec 26, 2025 - 21:36
 0
दुबई से ताजनगरी तक चैंपियन का जलवा, 10 किलोमीटर के रोड शो में प्राची पचौरी के लिए उमड़ा सम्मान
7वीं रोल बॉल वर्ल्ड कप चैंपियनशिप 2025 में शानदार प्रदर्शन कर देश और ताजनगरी का नाम रोशन करने वाली प्राची पचौरी के शुक्रवार को आयोजित स्वागत समारोह की एक झलक।

आगरा। दुबई में आयोजित 7वीं रोल बॉल वर्ल्ड कप चैंपियनशिप 2025 में शानदार प्रदर्शन कर देश और ताजनगरी का नाम रोशन करने वाली प्राची पचौरी के आगरा आगमन पर ऐतिहासिक स्वागत देखने को मिला। विश्व विजेता बनकर पहली बार ताजनगरी पहुंचीं प्राची पचौरी के सम्मान में द प्लेयर ऑफ रोल बॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से 10 किलोमीटर लंबा भव्य रोड शो निकाला गया, जो शहर भर में जीत के जश्न का गवाह बना।

फूल-मालाओं और जयघोष से हुआ स्वागत

रोड शो के दौरान शहर के विभिन्न चौराहों पर मंच सजाए गए और खेल प्रेमियों ने फूल-मालाओं से चैंपियन खिलाड़ी का अभिनंदन किया। ‘जय हो’ गीत की धुन पर खुली जीप में सवार प्राची पचौरी ने हाथ हिलाकर अभिवादन किया तो हर ओर तालियों और जयकारों की गूंज सुनाई दी। इस ऐतिहासिक क्षण को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उमड़ पड़े।

10 वर्षों की मेहनत का मिला विश्व मंच पर फल
प्राची पचौरी ने कहा कि रोल बॉल वर्ल्ड कप में खेलने के लिए पिछले 10 वर्षों से निरंतर मेहनत कर रही थीं। उन्होंने कहा कि भारत में भले ही क्रिकेट सबसे लोकप्रिय खेल है, लेकिन रोल बॉल देश का उभरता हुआ भविष्य है। अपनी सफलता का श्रेय प्राची ने कोच सुमित पाराशर, शिक्षक मेघ चतुर्वेदी, हिमांशु बराल तथा माता-पिता दिग्विजय पचौरी और साधना पचौरी को दिया।

शाहदरा चुंगी से बोस्टन पब्लिक स्कूल तक निकला रोड शो
करीब 10 किलोमीटर लंबा रोड शो दोपहर एक बजे शाहदरा चुंगी से प्रारंभ हुआ, जो नुनहाई, रामबाग, वाटर वर्क्स, सुल्तानगंज की पुलिया, भगवान टाकीज, हरीपर्वत, मदिया कटरा, बोदला चौराहा होते हुए दहतोरा स्थित बोस्टन पब्लिक स्कूल पर जाकर संपन्न हुआ।

अलग-अलग स्थानों पर संस्थाओं ने किया अभिनंदन
कार्यक्रम संयोजक अमित अग्रवाल एवं राम अग्रवाल ने बताया कि शाहदरा चुंगी पर भारत विकास परिषद समर्पित, नुनहाई पर संजय अग्रवाल के नेतृत्व में, सुल्तानगंज की पुलिया पर सेवा आगरा संस्था, भगवान टाकीज चौराहा पर रोल बॉल फेडरेशन, मदिया कटरा पर सुधीर गोयल के नेतृत्व में तथा बोदला चौराहा पर बोदला व्यापार कमेटी द्वारा जोशीला स्वागत किया गया। सभी आयोजनों के लिए पृथ्वीराज सिंह चाहर ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर अध्यक्ष रेनू सैनी, कोषाध्यक्ष रविंद्र कपिल, सचिव अजय सैनी, मनोज पाठक, शिव सिंह बघेल, राजीव अग्रवाल, पार्षद मुरारी लाल गोयल, अनुष्का चाहर, पूर्णिमा सिसोदिया, अंकिता सिंह, नेहा अग्रवाल, मोहिनी अग्रवाल, प्रेम सिंह कुशवाह, सुभाष मित्तल, सागर अग्रवाल, भगवती प्रसाद मित्तल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor