उद्यमिता से आत्मनिर्भरता की ओर: लघु उद्योग भारती का स्थापना दिवस बना स्वरोजगार का संकल्प पर्व

आगरा। ताजनगरी आगरा में लघु उद्योग भारती के 32वें स्थापना दिवस का आयोजन उद्योग और स्वरोजगार के क्षेत्र में एक प्रेरणास्रोत बनकर सामने आया। होटल क्लार्क्स शिराज में शनिवार को हुए इस भव्य समारोह में न केवल संगठन की तीन दशकों की यात्रा का उत्सव मनाया गया, बल्कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र के भविष्य की दिशा पर भी विचार-विमर्श हुआ।

May 3, 2025 - 21:38
 0
उद्यमिता से आत्मनिर्भरता की ओर: लघु उद्योग भारती का  स्थापना दिवस बना स्वरोजगार का संकल्प पर्व
होटल क्लार्क्स शिराज में आयोजित लघु उद्योग भारती के 32वें स्थापना दिवस समारोह का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ करते पुलिस आयुक्त दीपक कुमार, लघु उद्योग निगम अध्यक्ष राकेश गर्ग, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, एमएलसी विजय शिवहरे, जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता, दीपक अग्रवाल, मनीष अग्रवाल आदि।

 

 

 

-औद्योगिक नीति, नवाचार और राष्ट्र निर्माण पर हुआ मंथन, तीन उद्यमियों को ‘लघु उद्योग रत्न’ सम्मान

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई, जिसमें पुलिस आयुक्त दीपक कुमार, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे तथा संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।

लघु उद्योग: आत्मनिर्भर भारत की रीढ़

मुख्य अतिथि पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने अपने संबोधन में कहा, लघु उद्योग भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। जब यह क्षेत्र मजबूत होगा तभी भारत आत्मनिर्भर बन पाएगा। उत्तर प्रदेश सरकार इस दिशा में सक्रियता से कार्य कर रही है और उद्यमियों को पूरी सुरक्षा व सहयोग प्रदान किया जाएगा।

सरकार और उद्योग जगत के बीच सेतु बना संगठन

कार्यक्रम अध्यक्ष राकेश गर्ग ने संगठन की सराहना करते हुए कहा कि लघु उद्योग भारती ने केवल उद्यमिता को ही बढ़ावा नहीं दिया, बल्कि सरकार और औद्योगिक जगत के बीच एक सशक्त सेतु के रूप में कार्य किया है।
विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने संगठन को सरकार के लिए नीतिगत मार्गदर्शक बताते हुए विधानमंडल के माध्यम से हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

आगरा के उद्योगों को नई उड़ान देगा औद्योगिक दृष्टि-अध्ययन

विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे ने आगरा के औद्योगिक क्षेत्र की अंतरराष्ट्रीय पहचान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पर्यावरणीय सीमाओं के बावजूद उद्योगों ने उत्कृष्ट कार्य किया है और लघु उद्योग भारती इस पहचान को और सशक्त बना रहा है।

जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता ने घोषणा की कि आगरा में नीरी संस्था के सहयोग से एक वृहद औद्योगिक दृष्टि-अध्ययन प्रारंभ किया जाएगा। यह अध्ययन उद्योगों की क्षेत्रीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नीतिगत सिफारिशों की दिशा तय करेगा।

तीन उद्यमियों को मिला ‘लघु उद्योग रत्न’ सम्मान

इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के औद्योगिक व सामाजिक योगदान को रेखांकित करते हुए तीन विशिष्ट उद्यमियों स्व. अरुण बंसल (मरणोपरांत), शांति स्वरूप गोयल और किरण धवन को ‘लघु उद्योग रत्न’ सम्मान प्रदान किया गया।

तीन स्तंभ: नीति, पोषण और पहचान

प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल ने संगठन की कार्ययोजना पर प्रकाश डालते हुए बताया कि लघु उद्योग भारती "नीति, पोषण और पहचान" के तीन स्तंभों पर कार्य कर रहा है, जिससे एमएसएमई क्षेत्र को मजबूती मिले। प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल ने कहा कि हम उद्यमिता को केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि राष्ट्रनिर्माण का माध्यम मानते हैं। हमारा उद्देश्य है कि प्रत्येक जनपद में क्षेत्रीय संसाधनों के अनुरूप उद्योग विकसित हों।

महासचिव राजीव बंसल ने कार्यक्रम का संचालन किया और कोषाध्यक्ष संजीव जैन ने आभार ज्ञापित किया। अन्य प्रमुख उपस्थिति में उपाध्यक्ष अरविंद शुक्ला, दिनेश गुप्ता, शैलेश गुप्ता, सचिव अंकुर अग्रवाल, समक्ष जैन, सौरभ गुप्ता आदि शामिल रहे।

SP_Singh AURGURU Editor