संविधान की रक्षा से आगरा के विकास तक: सपा की संकल्प सभा में लिया गया सामूहिक प्रण

आगरा। समाजवादी पार्टी महानगर इकाई की ओर से बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क बिजलीघर चौराहे पर रविवार को एक ऐतिहासिक संकल्प सभा का आयोजन किया गया। सभा का नेतृत्व समाजवादी पार्टी महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और सामाजिक सरोकार रखने वाले नागरिक मौजूद रहे।

Dec 25, 2025 - 19:48
 0
संविधान की रक्षा से आगरा के विकास तक: सपा की संकल्प सभा में लिया गया सामूहिक प्रण
आगरा में बिजलीघर चौराहा स्थित आंबेडकर पार्क में गुरुवार को हुई समाजवादी पार्टी की संकल्प सभा को संबोधित करते महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास।

संकल्प सभा के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय महासचिव रामजी लाल सुमन रहे। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को आगरा के संरक्षण, विकास और संविधान की रक्षा के लिए तैयार किए गए शपथ पत्र का सामूहिक पाठ कराकर शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद पूरा परिसर संविधान और समाजवाद के समर्थन में गूंजते नारों से उत्साह और जोश से भर उठा।

सभा में कार्यकर्ताओं ने संविधान की सुरक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने और आवश्यकता पड़ने पर सर्वोच्च बलिदान देने का संकल्प लिया। सामाजिक समरसता और एकता को बनाए रखने के लिए जाति, धर्म और आर्थिक भेदभाव से ऊपर उठकर आगरा की गंगा-जमुनी तहज़ीब और सौहार्द की रक्षा का प्रण लिया गया।

इसके साथ ही आगरा को अपराध-मुक्त और भय-मुक्त शहर बनाने, कानून एवं व्यवस्था के सम्मान को सर्वोपरि रखने, तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की शपथ ली गई। विकास के मोर्चे पर गंगाजल आपूर्ति, बिजली व्यवस्था, सड़कों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ, सुरक्षित और रोग-मुक्त रखने के लिए निरंतर जनसंघर्ष का संकल्प भी लिया गया।

सभा में भारतीय जनता पार्टी द्वारा किए गए अधूरे वादों हाईकोर्ट खंडपीठ, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, यमुना बैराज, अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम और आईटी पार्क को पूरा कराने के लिए लोकतांत्रिक तरीकों से संघर्ष जारी रखने का ऐलान किया गया।

राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन ने कहा कि देश में संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर लगातार हमले हो रहे हैं। ऐसे समय में समाजवादी पार्टी ही वह राजनीतिक ताकत है जो बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को जमीन पर उतारने का काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अंतिम व्यक्ति तक संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकार पहुंचाने और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संगठित संघर्ष किया जाए।

महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने कहा कि समाजवादी पार्टी बाबा साहब के संविधान को किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने देगी। आज संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने कहा कि पीडीए के जननायक अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी का हर कार्यकर्ता सड़क से सदन तक संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करेगा। आगरा की जनता से किए गए वादों—हाईकोर्ट खंडपीठ, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम और युवाओं के लिए आईटी पार्क को पूरा कराए बिना पार्टी चुप नहीं बैठेगी।

सभा का समापन सामूहिक नारे के साथ हुआ- स्वच्छ आगरा, सुरक्षित आगरा, समृद्ध आगरा। नेताओं ने एक स्वर में कहा कि समाजवादी पार्टी ही संविधान, लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की सच्ची प्रहरी है।

सभा में पूर्व महानगर अध्यक्ष फारुख सियर, प्रदेश सचिव ममता टपलू, विनय अग्रवाल, मीडिया प्रभारी पवन प्रजापति, प्रवक्ता पुष्पेंद्र शर्मा, अमित यादव, चौधरी फरहान, कादिर कुरैशी, राहुल चतुर्वेदी, राहुल चौधरी, जिसान अहमद, नरेन्द्र यादव, कमलेश यादव, मुबीन खान, सतीश चाहर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने जनता की आवाज को लगातार बुलंद रखने का संकल्प दोहराया।

SP_Singh AURGURU Editor