रायभा रेलवे स्टेशन को बंद करने की जानकारी से रोष, किसान सेना डीआरएम का करेगी घेराव करेगी
आगरा। रायभा रेलवे स्टेशन को बंद किए जाने की योजना की जानकारी मिलते ही किसान सेना ने इसके विरोध में मोर्चा खोल दिया है। किसान सेना प्रमुख मुकेश डांगुर ने 11 अगस्त को डीआरएम के घेराव का ऐलान कर दिया है। साथ ही जैंगारा, बाजना बस सेवा के बंद होने के खिलाफ इसी दिन रोडवेज के आरएम का भी घेराव करने की घोषणा की है।
किसान नेता मुकेश डांगुर ने कहा कि रायभा रेलवे स्टेशन अंग्रेजों के समय बनाया गया था। यहां करीब सात लोकल पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव है। इस स्टेशन से क्षेत्र के ग़रीब बीस गांवों के लोग रोजाना मजदूरी के लिए आगरा, मथुरा और भरतपुर जाते हैं। साथ ही सामान्य यात्रियों की भी बड़ी संख्या है। इस स्टेशन से हजारों एमएसटी भी बनी हुई हैं, जिसके माध्यम से रेगुलर पैसेंजर यात्रा करते हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ दिनों से यह बात चर्चा में है कि रायभा रेलवे स्टेशन को बंद किए जाने की योजना है। इससे क्षेत्र के लोग चिंतित और परेशान हैं। स्टेशन बंद होने से हजारों मजदूरों की रोजी रोटी प्रभावित होगी।
इस विषय को लेकर आज किसान सेना प्रमुख मुकेश डांगुर रायभा रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने रेगुलर यात्रियों से बातचीत कर उनकी पीड़ा को सुना। इसके बाद रायभा रेलवे स्टेशन अधीक्षक रामवीर सिंह से उन्होंने इस विषय पर बात की। बातचीत के दौरान अधीक्षक रामवीर सिंह ने बताया कि इस स्टेशन को बंद करने की चर्चा है।
स्टेशन अधीक्षक से बातचीत के बाद किसान नेता मुकेश डांगुर रायभा, सहता, नगला लालदास, कूकथला, कठवारी, जनौथ, मगुर्रा सहित करीब दस गांवों में जाकर लोगों से मिले और बातचीत की। स्टेशन बंद करने की योजना से लोगों में भारी रोष दिखायी दिया।
किसान नेता डागुर ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि स्टेशन को किसी भी क़ीमत पर बंद नहीं होने देंगे। चाहे इसके लिए आंदोलन ही क्यों न करना पड़े। किसान सेना 11 अगस्त को भारी संख्या में किसानों को साथ लेकर डीआरएम का घेराव करेगी।
साथ ही उन्होंने कहा कि हाल ही में रोडवेज ने जेंगारा, बाजना के लिए बस की शुरुआत की थी, जिसका बड़े जोरशोर से उद्घाटन किया गया था। हफ्ते भर बाद उसे बंद कर दिया गया है। बस सेवा दोबारा शुरू कराने के लिए भी 11 अगस्त को ही रोडवेज के जीएम का भी घेराव किया जाएगा।
इस दौरान उनके साथ डॉ. सूरज सिंह सिकरवार, मुकेश सिकरवार, प्रधान जगवीर सिंह, बन्नों प्रधान, सत्यवीर शर्मा, जीतू जादौन, चौधरी मोहित प्रधान, शैलू चौधरी, धीनू जादौन, बंटी जादौन, खेमसिंह कुशवाह, बंटी सिकरवार आदि मौजूद रहे।