आगरा में सक्रिय महिला चोर गैंग पकड़ा गया, भरतपुर में बेच दी थी आरक्षी की सोने की चेन

आगरा। कमिश्नरेट आगरा की हरीपर्वत पुलिस ने एक महिला आरक्षी से हुई चेन चोरी के सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश करते हुए तीन महिला चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की रकम से खरीदे गए सोने जैसे दिखने वाले कानों के कुंडल और ₹5,920 नकद बरामद किए हैं।

Nov 11, 2025 - 21:09
 0
आगरा में सक्रिय महिला चोर गैंग पकड़ा गया, भरतपुर में बेच दी थी आरक्षी की सोने की चेन
पुलिस की गिरफ्त में तीनों महिला चोर।

आगरा। कमिश्नरेट आगरा की हरीपर्वत पुलिस ने एक महिला आरक्षी से हुई चेन चोरी के सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश करते हुए तीन महिला चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की रकम से खरीदे गए सोने जैसे दिखने वाले कानों के कुंडल और ₹5,920 नकद बरामद किए हैं।

यह मामला 31 अक्टूबर 2025 का है। जनपद कन्नौज में तैनात एक महिला कांस्टेबल छुट्टी पर आगरा आई थीं। वह बिजलीघर चौराहे से भगवान टॉकीज जाने के लिए एक ऑटो में सवार हुईं, जिसमें पहले से तीन महिलाएं बैठी थीं। भगवान टॉकीज पहुंचते ही उन्हें एहसास हुआ कि उनके गले की करीब 15 ग्राम वज़न की सोने की चेन गायब हो चुकी है। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार तीनों महिलाएं राजस्थान की निवासी हैं। वारदात वाले दिन उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से वही ऑटो पकड़ा, जिसमें पीड़िता बैठी थीं। भगवान टॉकीज पहुंचने  से पहले ही उन्होंने चालाकी से चेन काट ली और थोड़ी दूरी पर उतर गईं। इसके बाद तीनों महिलाएं दूसरी ऑटो से ईदगाह स्टेशन पहुंचीं। जहां  से ट्रेन पकड़कर भरतपुर चली गईं। वहां  उन्होंने चोरी की चेन ₹62,000 में बेच दी। प्राप्त रकम से कानों के कुंडल खरीदे और बाकी पैसे आपस में बाँट लिए।

थाना हरीपर्वत पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि यह तीनों महिलाएं फिर से आगरा आई हुई हैं। इस पर पुलिस टीम ने पालीवाल पार्क लाइब्रेरी के पास घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से ₹5,920 नकद और दो जोड़ी कुंडल बरामद हुए। घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक मोहित शर्मा, उपनिरीक्षक विशाल गुप्ता, उपनिरीक्षक सचिन मिश्रा, महिला उपनिरीक्षक पूनम त्यागी, महिला उपनिरीक्षक वैशाली, महिला कांस्टेबल प्रियंका यादव और कांस्टेबल देवेन्द्र कसाना शामिल रहे। कमिश्नरेट स्तर पर टीम को सराहना मिली है।