आगरा के उजरई में आधी रात धधका गारमेंट गोदाम, चार घंटे तक ग्रामीणों ने मोर्चा संभाला
उजरई गांव में देर रात गारमेंट और टेक्सटाइल गोदाम में भीषण आग लग गई, जिससे लाखों रुपये का सामान जल गया। फायर ब्रिगेड के समय पर न पहुंचने से ग्रामीणों में नाराजगी रही। चार घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। मामले की जांच जारी है।
फायर ब्रिगेड की देरी पर उठे सवाल, लाखों का माल जलकर खाक
आगरा। आगरा जनपद के खंदौली थाना क्षेत्र के उजरई गांव में रविवार देर रात करीब दो बजे एक गारमेंट और टेक्सटाइल गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते गोदाम में रखा रेडीमेड कपड़ा और अन्य सामान धू-धू कर जलने लगा। घटना से गांव में अफरातफरी मच गई और परिवार के लोग दहशत में आ गए।
गोदाम उजरई निवासी पूरन सिंह और उनके भाई सत्यप्रकाश पुत्र ग्यासीराम का बताया गया है। देर रात अचानक गोदाम से धुआं और आग की लपटें उठती देख परिवार ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने में जुट गए।
पुलिस पहुंची, लेकिन फायर ब्रिगेड का इंतजार रहा लंबा
सूचना मिलते ही पीआरवी और थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड की गाड़ी समय पर नहीं पहुंची। इस देरी को लेकर ग्रामीणों में खासा आक्रोश देखा गया।
आग की भयावहता को देखते हुए ग्रामीणों ने खुद ही मोर्चा संभाला। पड़ोसियों के सबमर्सिबल पंप चालू कर पानी की धार से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
लाखों का नुकसान, मालिक झुलसे
आग बुझाने के दौरान गोदाम मालिक हल्के रूप से झुलस गए, जिन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये का रेडीमेड कपड़ा और टेक्सटाइल सामग्री जलकर राख हो गई।
पीड़ित की ओर से थाना खंदौली में तहरीर दी गई है। थाना इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।