आरबीएस सभागार में 21 से 23 दिसंबर तक गौरदास महाराज सुनाएंगे नरसी भात ‘नानी बाई रो मायरो’
आगरा। भक्ति, करुणा और सामाजिक समरसता का अनुपम आख्यान नरसी भात एक बार फिर आगरा की पावन भूमि पर श्रद्धालुओं के हृदयों को स्पर्श करने जा रहा है। श्री हरि सत्संग समिति के तत्वावधान में 21 से 23 दिसंबर तक खंदारी स्थित आरबीएस डिग्री कॉलेज के सभागार में प्रतिदिन दोपहर 2.30 बजे से सायं 6.00 बजे तक नरसी भात ‘नानी बाई रो मायरो’ की भव्य कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा व्यासपीठ से परम पूज्य गौर दास महाराज द्वारा श्रद्धा, भाव और संगीतमय शैली में प्रस्तुत की जाएगी।
इस आयोजन की जानकारी समिति अध्यक्ष शांति स्वरूप गोयल ने 19 दिसंबर को फ्लेवर्स रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेसवार्ता में दी। इस अवसर पर कथा के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया। उन्होंने बताया कि नरसी भात कथा भक्त नरसी की भक्ति, त्याग और भगवान की कृपा का ऐसा जीवंत प्रसंग है, जो समाज को मानवता और सेवा का संदेश देता है।
समिति के संयोजक संजय गोयल ने बताया कि कथा के दौरान भक्ति संगीत की मनोहारी प्रस्तुतियां भी होंगी। श्रद्धालुजन थिएट्रिकल सिटिंग व्यवस्था में बैठकर कथा का आनंद ले सकेंगे। शीत ऋतु को ध्यान में रखते हुए कथा पूर्णतः इंडोर ऑडिटोरियम में आयोजित की जा रही है। प्रतिदिन कथा के उपरांत प्रसाद वितरण भी किया जाएगा।
प्रेसवार्ता में समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, सतीश मांगलिक, विवेक मोहन अग्रवाल, महामंत्री उमेश बंसल, कोषाध्यक्ष रमेश मित्तल, मंत्री संजय मित्तल, राहुल बंसल, प्रवीन सिंघल, उमेश अग्रवाल, विष्णु दयाल बंसल, अशोक महेश्वरी, के.के. अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे।
महिला समिति की ओर से अध्यक्ष अंशु अग्रवाल, महामंत्री रुचि अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मीनू त्यागी, मंजू गुप्ता, मधु गोयल, सीमा अग्रवाल, सीमा बंसल, सोनिया गर्ग, सपना अग्रवाल, बबीता गोयल, उर्मिल बंसल, निशा मंगल, दीपा शर्मा सहित अनेक महिलाएं भी उपस्थित रहीं।
समिति ने आगरा एवं आसपास के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस तीन दिवसीय कथा महोत्सव में सहभागी बनकर भक्त नरसी की जीवन गाथा से प्रेरणा लें और आध्यात्मिक आनंद प्राप्त करें।
Top of Form