गायत्री देवी गोयंका अवॉर्ड्स में जीडी गोयंका पब्लिक स्कूल, आगरा को मिले तीन राष्ट्रीय पुरस्कार
आगरा। जीडी गोयंका पब्लिक स्कूल, आगरा ने सत्र 2024–25 में शिक्षा, नेतृत्व और नवाचार के क्षेत्र में एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। प्रतिष्ठित गायत्री देवी गोयंका अवॉर्ड्स में स्कूल को तीन अलग-अलग श्रेणियों में तीन महत्वपूर्ण पुरस्कार प्राप्त हुए, जो आगरा के शैक्षणिक जगत के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।
यह भव्य समारोह जीडी गोयंका ग्रुप द्वारा जीडी गोयंका यूनिवर्सिटी गुरुग्राम में आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत संपन्न हुआ। आयोजन में देश-विदेश से आए ख्यातिप्राप्त शिक्षाविदों, नीति विशेषज्ञों तथा शिक्षा, राजनीति, खेल और कला जगत की नामचीन हस्तियों ने सहभागिता की।
जीडी गोयंका आगरा को मिले तीन राष्ट्रीय अवॉर्ड
इम्पैक्टफुल लीडर अवार्ड- जीडी गोयंका पब्लिक स्कूल, आगरा के प्रिंसिपल पुनीत वशिष्ठ को उनके दूरदर्शी, प्रभावी और परिणामोन्मुख नेतृत्व के लिए प्रदान किया गया। अकादमिक लॉरेल अवॉर्ड– कक्षा 10 से 12 तक के उत्कृष्ट बोर्ड परिणामों एवं उच्च स्तरीय शैक्षणिक गुणवत्ता के लिए स्कूल को यह सम्मान मिला। स्मार्ट सिस्टम स्कूल अवार्ड- आधुनिक तकनीक, डिजिटल इंटीग्रेशन और स्मार्ट एजुकेशन सिस्टम के सफल क्रियान्वयन के लिए यह प्रतिष्ठित अवॉर्ड प्रदान किया गया।
बोर्ड परिणामों में भी शानदार प्रदर्शन
इस सत्र की विशेष उपलब्धि के रूप में कक्षा 12 की छात्रा वार्य मल्होत्रा ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही कक्षा 10 से 12 तक के विद्यार्थियों के उत्कृष्ट बोर्ड परिणामों ने स्कूल की शैक्षणिक साख को और अधिक मजबूत किया, जिसके आधार पर यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया।
राष्ट्रीय स्तर की हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति
तीन दिनों तक चले इस आयोजन में अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेटर ऋतिका रावल, आईआईएम डायरेक्टर प्रो. देवाशीष चक्रवर्ती, वरिष्ठ सांसद व लेखक डॉ. शशि थरूर, प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता पंकज कपूर और मोटिवेशनल स्पीकर अंकुल वारीकू सहित अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल रहीं।
सम्मान पर बोले प्रिंसिपल- यह सामूहिक मेहनत का परिणाम
जीडी गोयंका आगरा के प्रिंसिपल पुनीत वशिष्ठ ने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे स्कूल परिवार की सामूहिक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने स्कूल प्रबंधन, विशेष रूप से अध्यक्ष के.पी. अग्रवाल और प्रो-वाइस चेयरमैन संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि जीडी गोयंका ग्रुप भारत सहित विदेशों में 100 से अधिक स्कूल संचालित करता है और गायत्री देवी गोयंका अवॉर्ड्स आज शिक्षा जगत में गुणवत्ता, नवाचार और नेतृत्व का एक प्रतिष्ठित मानक बन चुके हैं।
Top of Form