वीआईपी प्रोटोकॉल लेने वाले प्रो. राणा को गाजियाबाद पुलिस ने किया गिरफ्तार
आगरा। ओमान का हाईकमिश्नर बताकर वीआईपी प्रोटोकॉल लेने के आरोप में गाजियाबाद पुलिस ने आगरा निवासी प्रोफेसर केएस राणा को गिरफ्तार कर लिया है।
उनके कथित निजी सचिव की पुलिस तलाश कर रही है। प्रो. राणा गत वर्ष इंडिया जीसीसी ट्रेड काउंसिल एनजीओ से जुड़े थे। वर्ष में 2015 अम्बेडकर विवि आगरा से सेवानिवृत्त होने बाद उत्तराखंड और राजस्थान की चार यूनिवर्सिटी में कुलपति रह चुके हैं। फिलहाल वह दिल्ली में रह रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि प्रो. राणा का निजी सचिव विवेक उन्हें ओमान का हाइ कमिश्नर बताकर प्रोटोकॉल देने के लिए अधिकारियों को पत्र लिखता था, जबकि वे एक एनजीओ से जुड़े हुए हैं। ख़ुद को जीजीसी (गल्फ कंट्रीज काउंसिल) बताकर वीआईपी प्रोटोकॉल लेते थे।
गाजियाबाद पुलिस को उनके निजी सचिव का प्रोटोकॉल देने के लिए पत्र पहुंचा तो पुलिस को शक हुआ। पुलिस ने पूरी जानकारी जुटाकर गाजियाबाद की कौशांबी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। प्रो. राणा ने अपनी मर्सिडीज कार पर दूतावास वाली नंबर प्लेट लगा रखी थी। जांच करने पर पता चला कि वह लीबिया के राजदूत की गाड़ी का नंबर है। पुलिस अब उनके निजी सचिव की तलाश कर रही है।