बच्चों के भविष्य के लिए उपहार: रोटरी क्लब ऑफ़ आगरा ने वितरित किए स्कूल बैग, वृक्षारोपण भी
आगरा। रोटरी क्लब ऑफ़ आगरा द्वारा 'शिक्षा उदय' कार्यक्रम के तहत शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 1000 स्कूल बैग वितरण का संकल्प लिया गया है। इसी क्रम में सोमवार को सादाबाद ब्लॉक के गांव अंधपुरा स्थित कंपोजिट स्कूल में क्लब द्वारा 150 स्कूली बैग और शिक्षण सामग्री वितरित की गई।
बैग और सामग्री पाकर बच्चों के चेहरों पर प्रसन्नता साफ झलक रही थी। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में नीम, बेल पत्र, गुलमोहर और अर्जुन के पौधों का वृक्षारोपण भी किया गया।
रोटरी क्लब ऑफ़ आगरा के अध्यक्ष दीन दयाल अग्रवाल ने कहा कि क्लब शिक्षा और चिकित्सा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में समाज सेवा को प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि ‘शिक्षा उदय’ कार्यक्रम के तहत आगरा के विभिन्न विद्यालयों में कुल 1000 बैग वितरित किए जा रहे हैं। यह प्रयास शिक्षा के क्षेत्र में एक सार्थक कदम है और बच्चों को बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए निरंतर जारी रहेगा।
पूर्वाध्यक्ष राजीव लोचन भारद्वाज ने बच्चों को रोज़ स्कूल आने और मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने स्वच्छता के महत्व और नियमित रूप से हाथ धोने की आदत पर भी ज़ोर दिया।
इस अवसर पर क्लब के सदस्य आशीष अग्रवाल, संजीव अग्रवाल सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री प्रमेश कुमार शर्मा, सहायक अध्यापक पवन कुमार शर्मा, सीताराम लवानिया, ओमवीर सिंह, तनुज सिंह, पूनम अग्रवाल और नेत्रपाल सिंह उपस्थित रहे। सभी ने रोटरी क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।