गिल ने दूसरी पारी में भी ठोकी सेंचुरी, कई रिकार्ड ध्वस्त

शुभमन गिल ने एक बार फिर से इंग्लैंड की टीम पर तगड़ा प्रहार किया है। एजबेस्टन टेस्ट की पहली पारी में दोहरा शतक बनाने वाले शुभमन ने अब दूसरी पारी में भी सेंचुरी ठोक दी है।

Jul 5, 2025 - 21:40
 0
गिल ने दूसरी पारी में भी ठोकी सेंचुरी, कई रिकार्ड ध्वस्त

 
 
बर्मिंघम। ये कहना गलत नहीं होगा कि भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल इस वक्त अपने करियर की सबसे बेस्ट फॉर्म में चल रहे हैं। हेडिंग्ले में शतक बनाने के बाद शुभमन गिल ने एजबेस्टन में भी पहली पारी में दोहरा शतक लगाया। गिल इसके बाद भी नहीं रुके और उन्होंने एजबेस्टन की दूसरी पारी में भी सेंचुरी लगा दी है। इस सीरीज में गिल इस शतक के दम पर दो ही टेस्ट मैचों में 500 से ज्यादा रन बना चुके हैं।

शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ एक और शतकिय पारी खेल दी है। गिल ने दूसरी पारी में 129 गेंदों पर शतक ठोक दिया। गिल ने अपनी पारी में 9 चौके और 3 छक्के लगाए हैं। इससे पहले उन्होंने पहली पारी में भी 269 रन की पारी खेली थी। वहीं गिल के इस सीरीज में 500 से ज्यादा रन अब हो चुके हैं।  
 
शुभमन गिल ने इसके अलावा एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। शुभमन गिल अब एक ही टेस्ट मैच में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में सुनील गावस्कर को पीछे छोड़ दिया है। गावस्कर के नाम 344 रन थे। लेकिन गिल ने अब उनके इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।