आगरा कॊलेज में गर्ल्स कैडेट्स ने मनाया राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष का स्मरणोत्सव
आगरा। आगरा कॉलेज, आगरा की एन.सी.सी. गर्ल्स विंग कैडेट्स ने राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150वें स्मरणोत्सव पर वंदे मातरम् – एक संकल्प, एक ऊर्जा शीर्षक से भव्य और भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया। देशभक्ति के स्वर, अनुशासन की ऊर्जा और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना ने पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक रूप से गाए गए ‘वंदे मातरम्’ से हुआ, जिसे कैडेट्स ने जोश और श्रद्धा के साथ प्रस्तुत किया। इसके बाद देशभक्ति गीतों की श्रृंखला ने सभी को भाव-विभोर कर दिया।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीके गौतम ने कहा, एन.सी.सी. कैडेट्स देश के भविष्य के निर्माता हैं। अनुशासन, समर्पण और सेवा की भावना से ही राष्ट्र मजबूत होता है। देशभक्ति केवल शब्द नहीं, बल्कि कर्म में उतरने वाला संस्कार है।
कंपनी कमांडर कैप्टन रीता निगम ने कहा कि वंदे मातरम् केवल गीत नहीं, यह भारत माता की साधना का मंत्र और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक है। हर भारतीय को इसे जीवन में आत्मसात करना चाहिए, क्योंकि यह हमारी संस्कृति, सभ्यता और आत्मा की अभिव्यक्ति है।
इस अवसर पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में 42 कैडेट्स ने भाग लिया और देशभक्ति की भावना को रचनात्मक रूप में चित्रित किया। प्रथम स्थान कॉरपोरल प्रतिभा यादव, द्वितीय स्थान लांस कॉरपोरल खुशी वर्मा और तृतीय स्थान (संयुक्त) कॉरपोरल अनीता तिवारी एवं कैडेट पूनम को मिला।
कार्यक्रम में 1 यू.पी. गर्ल्स बटालियन से बी.एच.एम. मोहित चौधरी, अंडर ऑफिसर आकृति सिंह सहित कुल 112 कैडेट्स उपस्थित रहीं। देशप्रेम और गौरव की इस अनोखी अभिव्यक्ति ने उपस्थित सभी लोगों के हृदय में एक नई राष्ट्रीय चेतना का संचार किया।