गिरिराजधरण के जयकारों संग आगरा से रवाना हुई गोवर्धन पदयात्रा, श्रद्धा में डूबे हजारों भक्त

आगरा। श्रावण मास की पावन बेला में भक्ति, सेवा और समर्पण की भावना लिए गुरुवार को आगरा से श्री गोवर्धन धाम की ओर एक भव्य पदयात्रा का शुभारंभ हुआ। श्री गोवर्धन धाम पदयात्रा परिक्रमा सेवा संस्था के तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा की शुरुआत नेहरू नगर स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर से हुई, जिसमें सैकड़ों पदयात्री भजन-कीर्तन करते हुए गोवर्धन के लिए कूच कर गए।

Jul 31, 2025 - 21:32
 0
गिरिराजधरण के जयकारों संग आगरा से रवाना हुई गोवर्धन पदयात्रा, श्रद्धा में डूबे हजारों भक्त
गोवर्धन यात्रा के दौरान रथ पर विराजमान श्री गिर्राज जी महाराज, भक्ति भाव से झूमते श्रद्धालु।

यात्रा में रथ पर विराजमान ठाकुर श्री गिर्राज जी महाराज भक्तों को आशीर्वाद देते चल रहे थे। मार्ग में श्री राधे-राधे और श्री गिर्राजधरण हम तेरी शरण.. के जयघोषों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। जगह-जगह पुष्पवर्षा और पुष्पअर्घ्य से यात्रियों का स्वागत किया गया।

यात्रा का दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ समाजसेवी भगवानदास बंसल ने किया जबकि छोटे लाल बंसल ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। उन्होंने इस यात्रा को प्रभु सेवा बताते हुए हर वर्ष इसे और अधिक भव्य बनाने का संकल्प भी दोहराया।

संस्था के संयोजक रमन बाबू अग्रवाल ने बताया कि यह यात्रा हरिनाम संकीर्तन के साथ पूरे भक्तिभाव में सम्पन्न हो रही है। समापन से पूर्व यात्रियों को समाधियां फार्म हाउस पर जीएमबी परिवार द्वारा सुस्वादु भोजन प्रसादी दी गई।

विशेष आयोजन और धार्मिक अनुष्ठान

संस्था के अनुसार, यह चार दिवसीय यात्रा 2 अगस्त की सुबह गोवर्धन पहुंचकर विश्राम करेगी। 3 अगस्त को सप्तकोशीय दुग्धधार परिक्रमा, गिर्राज अभिषेक, भजन कीर्तन, साधु सेवा और महाप्रसादी का आयोजन काष्णेय गुरु आश्रम, गोवर्धन में किया जाएगा।

इस बार की यात्रा में महिलाओं की सहभागिता विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। भक्तजनों की भारी उपस्थिति और श्रद्धा से परिपूर्ण वातावरण ने इस यात्रा को विशेष बना दिया।

विष्णु दयाल, केसी जैन, संजय अग्रवाल, नीरज जैन, आशीष अग्रवाल, सुनील गर्ग, अमित अग्रवाल, मनोज खंडेलवाल, विशाल गोयल, विकास गोयल, राजेश अरोड़ा, विजयवीर, राकेश मंगल, नरेंद्र गोयल, मंजे भाई, वैभव मिश्रा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor