पुरुषोत्तम मास में भक्ति का महासंगम: श्रीजगन्नाथ जी मंदिर में नन्दोत्सव, भागवत कथा, श्रीमथुराधीश जी मंदिर में रक्षाबंधन उत्सव और भजन संध्या में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
आगरा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर शहर में विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों की धूम रही। कहीं नन्दोत्सव में नन्दकिशोर को पुष्पों से सजे पालने में विराजमान कर माखन-मिश्री का भोग लगाया गया, तो कहीं श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव के समापन पर सुदामा चरित्र सुन श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। वहीं रक्षाबंधन उत्सव पर ठाकुर जी को रक्षासूत्र अर्पित किए गए और पूर्वमुखी हनुमान मंदिर में पुनर्निर्माण का प्रथम वर्ष पूर्ण होने पर भजन संध्या एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। इन सभी आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म और संस्कृति के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
नन्दोत्सव में पुष्पों से सजे पालने में विराजे नन्दकिशोर
कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में पुरुषोत्तम मास के अंतर्गत नन्दोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। मंदिर को रंग-बिरंगे पुष्पों, आकर्षक विद्युत सज्जा और पारंपरिक अलंकरण से सजाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप को विशेष रूप से सजे पुष्पमय पालने में विराजमान किया गया। श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से पालना झुलाकर अपनी श्रद्धा अर्पित की।
माखन-मिश्री का भोग लगाया गया और "नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की" के जयघोषों से मंदिर परिसर गूंज उठा। भजन-कीर्तन के मध्य भक्त भाव-विभोर दिखाई दिए। इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविंद प्रभु ने पुरुषोत्तम मास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस माह में की गई भक्ति और सेवा का विशेष पुण्य प्राप्त होता है।
इस अवसर पर कान्ता प्रसाद अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, संजीव बंसल, संजीव मित्तल, राजेश उपाध्याय, अदिति गौरांगी, ओमप्रकाश अग्रवाल, आशु मित्तल, शाश्वत नन्दलाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
सुदामा चरित्र सुन भावुक हुए श्रद्धालु, संस्कृत दिवस मनाने की भी उठी मांग

कालिंदीपुरम कॊलोनी में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में प्रवचन करते स्वामी रामप्रपन्नाचार्य महाराज।
पंचेश्वर महादेव मंदिर, कालिंदीपुरम कॉलोनी में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का भावपूर्ण समापन हुआ। कथा व्यास अनंत श्री विभूषित स्वामी श्री रामप्रपन्नाचार्य जी महाराज ने श्रीकृष्ण-सुदामा प्रसंग का मार्मिक वर्णन करते हुए मित्रता, विनम्रता और निष्काम भक्ति का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि भगवान के लिए धन नहीं, बल्कि भक्त का भाव महत्वपूर्ण होता है। अपने उद्बोधन में उन्होंने हिंदी भाषा दिवस के साथ संस्कृत भाषा दिवस भी मनाने की आवश्यकता बताई और कहा कि संस्कृत हमारी संस्कृति की मूल आत्मा है। कथा से पूर्व वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन एवं पूर्णाहुति सम्पन्न हुई। मुख्य यजमान मनीष अग्रवाल रावी ने आयोजन को क्षेत्र की सामूहिक श्रद्धा का परिणाम बताया।
आयोजन में पंकज अग्रवाल, नीलू अग्रवाल, विजय कुमार अग्रवाल, नीता अग्रवाल, एडवोकेट ललित गौतम, पार्षद निशांत सिंह कन्नू, धीरज सिंह, सुबोध सिंह एवं अर्जुन दास सहित अनेक लोगों का सहयोग रहा।
श्रीमथुराधीश मंदिर में रक्षाबंधन उत्सव, ठाकुर जी को बांधा गया रक्षासूत्र

श्रीमथुराधीश जी महाराज मंदिर में आयोजित रक्षाबंधन उत्सव पर ठाकुर जी के दिव्य दर्शन की एक झलक।
पुरुषोत्तम मास के अंतर्गत श्रीमथुराधीश जी मंदिर में रक्षाबंधन उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। ठाकुर जी को आम और मलाई के घेवर का भोग अर्पित किया गया तथा विशेष रक्षासूत्र बांधा गया। इसके बाद श्रद्धालुओं को भी रक्षासूत्र बांधकर चंदन तिलक लगाया गया।
मंदिर को पुष्पों, बंदनवारों और पारंपरिक सजावट से भव्य रूप दिया गया। भगवान का विशेष श्रृंगार कर उन्हें रेशमी वस्त्रों और आकर्षक राखियों से अलंकृत किया गया। भजन-कीर्तन और जयघोषों के बीच श्रद्धालुओं ने विश्व शांति, सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की। इस अवसर पर हितेश लवानिया, मंदिर महंत नन्दन श्रोत्रिय, ब्रज खंडेलवाल, जुगल श्रोत्रिय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पूर्वमुखी हनुमान मंदिर के पुनर्निर्माण का पहला वर्ष, भजन संध्या में उमड़े श्रद्धालु

संजय प्लेस स्थित श्री हनुमान मंदिर के एक वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम की एक झलक।
संजय प्लेस स्थित प्राचीन श्री पूर्वमुखी हनुमान मंदिर के पुनर्निर्माण का एक वर्ष पूर्ण होने पर मंदिर परिसर में भव्य भजन संध्या एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। देर शाम तक श्रद्धालु भजनों का आनंद लेते रहे और हनुमान जी के जयकारों से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा।
आयोजन में संजय प्लेस व्यापारी वर्ग एवं रेजिडेंशियल सोसायटी के सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर राजेश अग्रवाल, नितिन मित्तल, विजय गुप्ता, नितिन असवानी, यशु गोयल, ऋषभ मित्तल, योगेश गर्ग, राजीव जिंदल, रवि गोयल, चतुर्भुज तिवारी तथा मंदिर महंत श्रवण कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ।