आस्था का महासंगम: कहीं श्रीराम कथा की कलश यात्रा, कहीं बाबा हरदौल की भव्य शोभायात्रा तो कहीं आदिनाथ महामंडल विधान, ताजनगरी में भक्ति का उमड़ा सैलाब

आगरा में बुधवार को धर्म और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में धार्मिक आयोजनों की गूंज सुनाई दी। कहीं भव्य कलश यात्रा के साथ 10 दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ हुआ, तो कहीं बुंदेलखंड के लोकदेवता बाबा कुंवर हरदौल जी महाराज की शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु उमड़ पड़े। वहीं नॉर्थ ईदगाह कॉलोनी स्थित जैन मंदिर में भगवान आदिनाथ जन्म कल्याणक महोत्सव के अंतर्गत आदिनाथ महामंडल विधान का आयोजन हुआ। इन आयोजनों में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पूरे शहर में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण छा गया।

Mar 11, 2026 - 19:26
 0
आस्था का महासंगम: कहीं श्रीराम कथा की कलश यात्रा, कहीं बाबा हरदौल की भव्य शोभायात्रा तो कहीं आदिनाथ महामंडल विधान, ताजनगरी में भक्ति का उमड़ा सैलाब
गणेश दुर्गा महोत्सव कमेटी के तत्वावधान में लंगड़े की चौकी, शास्त्री नगर में श्रीराम कथा की कलश यात्रा में शामिल महिला श्रद्धालु।

लंगड़े की चौकी में भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीराम कथा का शुभारंभ

गणेश दुर्गा महोत्सव कमेटी के तत्वावधान में लंगड़े की चौकी, शास्त्री नगर में आयोजित 10 दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ बुधवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने प्राचीन हनुमान मंदिर, लंगड़े की चौकी में हनुमान जी की आरती उतारकर किया। इसके बाद मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें 501 महिलाओं ने पीत वस्त्र धारण कर सिर पर कलश रखकर भाग लिया।

भजन-कीर्तन और “जय श्रीराम” के उद्घोष के बीच निकली यात्रा क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होती हुई कथा स्थल तक पहुंची। आयोजन समिति के अध्यक्ष लालू जादौन और पिंकी जादौन सिर पर श्रीरामचरितमानस धारण कर श्रद्धापूर्वक यात्रा में शामिल हुए। मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

कथा व्यास भरत उपाध्याय ने कहा कि कलश भारतीय संस्कृति में पवित्रता, समृद्धि और मंगल का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा मानव जीवन को आदर्श और मर्यादित जीवन जीने की प्रेरणा देती है।

महंत गोपी गुरु ने कहा कि कलयुग में श्रीराम कथा मनुष्य के जीवन को सही दिशा देने का माध्यम है।
डॉ. दीपेश उपाध्याय ने बताया कि 11 मार्च से 20 मार्च तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक कथा का आयोजन होगा और 20 मार्च को हवन व प्रसादी वितरण के साथ समापन होगा।

इस अवसर पर पुष्कर गुप्ता, राम टंडन, राघव उपाध्याय, पार्षद किशन नायक, प्रदीप अग्रवाल, राजदीप ग्रोवर, आकाश शर्मा, राधा भारद्वाज, रेखा शर्मा, महंत गोविन्द गुरु, गोपाल गुरु, इनू महाजन, राजकुमार, लाला आदि उपस्थित रहे।

बाबा कुंवर हरदौल जी महाराज की शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब

अलबतिया रोड स्थित मां चामुंडा देवी मंदिर से निकाली गई बाबा बुंदेले की शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब।

श्री बुंदेले बाबा कुंवर हरदौल जी महाराज के 364वें वार्षिक उत्सव के अवसर पर मां चामुंडा देवी मंदिर, अलबतिया रोड से धाकरान चौराहा स्थित बुंदेले मंदिर तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. खेमचंद धाकड़, ख्यालीराम धाकड़, मनोहर सिंह धाकड़ तथा श्री धाकड़ महासभा प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश धाकड़ ने मां चामुंडा देवी और बाबा बुंदेले की प्रतिमा की आरती कर किया।

शोभायात्रा में सबसे आगे भगवान श्री गणेश, शिव-पार्वती, शिव परिवार, राधा-कृष्ण, आदि योगी महादेव, बजरंगबली और श्रीराम परिवार की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। अंतिम डोले में बाबा कुंवर हरदौल जी महाराज का पावन डोला निकाला गया।

यह शोभायात्रा चामुंडा देवी मंदिर से मारुति एस्टेट, शाहगंज, एमजी रोड होते हुए धाकरान चौराहा स्थित बुंदेले मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में कई स्थानों पर जलपान की व्यवस्था की गई और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।

संस्था के अध्यक्ष आलोक धाकड़ और महामंत्री धर्मेंद्र धाकड़ इंद्रजीत धाकड़, राममूर्ति धाकड़, प्रवीण धाकड़, गब्बर धाकड़, दिनेश धाकड़, राजीव धाकड़, बॉबी धाकड़, बबलू धाकड़, राजेंद्र धाकड़, सत्यवान धाकड़, परसोती धाकड़ आदि उपस्थित रहे।

आदिनाथ जन्म कल्याणक महोत्सव में आदिनाथ महामंडल विधान का आयोजन

नॉर्थ ईदगाह कॉलोनी स्थित जैन मंदिर में हुए आदिनाथ महामंडल विधान की एक झलक।

नॉर्थ ईदगाह कॉलोनी स्थित श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में भगवान आदिनाथ जन्म कल्याणक एवं रथोत्सव महा महोत्सव के अंतर्गत दूसरे दिन आदिनाथ महामंडल विधान का भव्य आयोजन हुआ।

यह आयोजन निर्यापक मुनिश्री विलोकसागर जी महाराज एवं मुनिश्री विबोधसागर जी महाराज ससंघ के सानिध्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान आदिनाथ के अभिषेक और शांतिधारा से हुई।

बाल ब्रह्मचारी नितिन भैया के मार्गदर्शन में विधान का ध्वजारोहण निर्मल कुमार मोठया, हीरालाल बैनाड़ा और बीना बैनाड़ा परिवार द्वारा संपन्न कराया गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से आदिनाथ महामंडल विधान में भाग लेकर भगवान की आराधना की।

अपने मंगल प्रवचन में मुनिश्री विलोकसागर जी महाराज ने कहा कि तीर्थंकरों के कल्याणक केवल उत्सव नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और धर्ममार्ग पर चलने की प्रेरणा के अवसर होते हैं।

कार्यक्रम में अशोक जैन, अमित जैन बॉबी, दिनेश जैन, राजेश जैन, अजय जैन, संजीव जैन, राजेश जैन बल्ले, विनोद जैन, अखिल जैन, सत्येंद्र जैन सहित जैन समाज के अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor