किरावली में खेलों का महाकुंभ, चतुर्थ सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य आगाज़, युवाओं में दिखा जोश और जुनून

आगरा। किरावली स्थित मोनी बाबा आश्रम मिनी स्टेडियम में आज से चतुर्थ सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य और उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से संसदीय क्षेत्र फतेहपुर सीकरी में आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राजकुमार चाहर ने नमो दौड़, विधिवत दीप प्रज्वलन और हरी झंडी दिखाकर किया।

Dec 20, 2025 - 18:40
 0
किरावली में खेलों का महाकुंभ, चतुर्थ सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य आगाज़, युवाओं में दिखा जोश और जुनून
सांसद खेल स्पर्धा का शुभारंभ करते सांसद राजकुमार चाहर। प्रतियोगिता में प्रतिभा का प्रदर्शन करते युवा।

नमो दौड़ से हुआ शुभारंभ, सांसद राजकुमार चाहर की बड़ी घोषणाएं , ग्रामीण प्रतिभाओं को मिला नया मंच

आगरा। किरावली स्थित मोनी बाबा आश्रम मिनी स्टेडियम में आज से चतुर्थ सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य और उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से संसदीय क्षेत्र फतेहपुर सीकरी में आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राजकुमार चाहर ने नमो दौड़, विधिवत दीप प्रज्वलन और हरी झंडी दिखाकर किया।

शुभारंभ अवसर पर स्टेडियम खेल भावना, ऊर्जा और उल्लास से सराबोर नजर आया। हजारों युवा, खिलाड़ी, छात्र-छात्राएँ और खेलप्रेमी आयोजन के साक्षी बने। महोत्सव के अंतर्गत दौड़, रस्साकशी, लंबी कूद सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिनमें ग्रामीण अंचलों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

खेलों संग संस्कृति का रंग

खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन को और भी आकर्षक बना दिया। स्थानीय कलाकारों और छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और कार्यक्रम को गरिमामय स्वरूप प्रदान किया।

युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का संकल्प

इस अवसर पर सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को खेलों के माध्यम से सकारात्मक दिशा देना, उन्हें नशामुक्त, स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना तथा फिट इंडिया और खेलो इंडिया जैसे राष्ट्रीय अभियानों को जन-जन तक पहुँचाना है।

उन्होंने जानकारी दी कि महोत्सव का समापन 25 दिसंबर को मिनी स्टेडियम, अकोला में होगा, जहां  विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

सांसद की बड़ी घोषणाएं 

सांसद चाहर ने खेल अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि फतेहपुर सीकरी की पाँचों विधानसभा क्षेत्रों में कबड्डी और कुश्ती के लिए गद्दों की व्यवस्था सांसद निधि से की जाएगी। अकोला और किरावली स्टेडियम में ट्रैक का सीसी निर्माण कराया जाएगा।

बालिका वर्ग को मिला विशेष प्रोत्साहन

बालिका वर्ग की दौड़ प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को आकर्षक नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बालिका को  ₹11,000, द्वितीय स्थान को  ₹7,100, और तृतीय स्थान पर  ₹5,100 दिया जाएगा। 

विद्यालयों का भव्य मार्च पास्ट

कार्यक्रम में श्रीमती शांति देवी कॉलेज पुरामना, केएम पब्लिक स्कूल किरावली, राम खिलाड़ी इंटर कॉलेज अभुआपुरा, आदर्श कन्या इंटर कॉलेज किरावली, गांधी स्मारक किसान इंटर कॉलेज किरावली सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने मार्च पास्ट में सहभागिता कर अनुशासन और एकता का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता परिणाम

3000 मीटर दौड़ में बालिका वर्ग में  प्रथम स्थान अनुराधा, द्वितीय रविका और तृतीय संजना रहीं। 100 मीटर बालिका वर्ग दौड़ में प्रथम कविता, द्वितीय श्रीजी और तृतीय वाणी रहीं। वहीं 100 मीटर बालक वर्ग प्रथम सचिन, द्वितीय नितिन और तृतीय नितेश रहे।

इनकी रही  उपस्थिति

कार्यक्रम में आगरा मंडल आयुक्त शैलेन्द्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, विधायक छोटेलाल वर्मा, विधायक भगवान सिंह कुशवाहा, भाजपा राष्ट्रीय परिषद सदस्य अशोक राणा, उप जिलाधिकारी नीलम, एसीपी रामप्रवेश गुप्ता, जिला युवा कल्याण अधिकारी बिजेन्द्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर, पूर्व जिलाध्यक्ष गिर्राज कुशवाहा, पूर्व विधायक महेश गोयल,मधुसूदन शर्मा,जितेंद्र वर्मा,कालीचरन सुमन,प्रदीप भाटी,श्याम भदौरिया,विश्वनाथ सिंह,नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीना सिंह,ब्लॉक प्रमुख गुडडू चाहर,मोहन सिंह चाहर,उपेंद्र सिंह,संजीवपाल सिंह,शैलू जादौन,नितिन वर्मा,यशपाल सिंह,सोनू चौधरी,सतेंद्र यादव,मुन्नालाल शर्मा,राकेश लोधी,राजू लवानिया, राजीव जैन सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विभिन्न विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन रिनेश मित्तल द्वारा किया गया।