आगरा में 24 फरवरी को निकलेगी भव्य श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव शोभायात्रा, 60 आकर्षक झांकियां बनेंगी केंद्रबिंदु
आगरा में श्री खाटू श्याम जी ट्रस्ट के तत्वावधान में 24 फरवरी को भव्य श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो श्री मनकामेश्वर मंदिर से प्रारंभ होकर विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए मंदिर परिसर पहुंचेगी। शोभायात्रा में 50-60 आकर्षक झांकियां, विशेष बैंड दल और महाकाल की सवारी प्रमुख आकर्षण होंगे। 23 फरवरी से 4 मार्च तक आयोजित “रंग रंगीला फागुन महोत्सव” के अंतर्गत प्रतिदिन विभिन्न प्रकार की होली और 27 फरवरी को रंग भरनी एकादशी पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
श्री खाटू श्याम जी ट्रस्ट की आमंत्रण सभा में तैयारियां पूरी, 23 फरवरी से 4 मार्च तक “रंग रंगीला फागुन महोत्सव” में मेहंदी, फूल, मेवा और गुलाल होली सहित विविध धार्मिक आयोजन
आगरा। श्री खाटू श्याम जी ट्रस्ट के तत्वावधान में आगामी श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव 2026 के अंतर्गत निकलने वाली भव्य शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर सोमवार को जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर के मंदिर हॉल में आमंत्रण सभा का आयोजन किया गया। बैठक में यात्रा संयोजक अजय गर्ग आवागढ़, सह संयोजक गौरव बंसल और विकास गोयल, स्वागत कर्ता अमित गोयल को बनाया गया।
सभा में निर्णय लिया गया कि 10 दिवसीय “रंग रंगीला फागुन मेला” के अंतर्गत श्री श्याम फागुन महोत्सव शोभायात्रा दिनांक 24 फरवरी, मंगलवार को प्रातः 11 बजे श्री मनकामेश्वर मंदिर से प्रारंभ होगी। शोभायात्रा जौहरी बाजार, सुभाष बाजार, दरेसी, मोतीगंज, कचहरी घाट, बेलनगंज एवं जीवनी मंडी होते हुए पुनः श्री खाटू श्याम जी मंदिर पहुंचेगी। मार्ग में सैकड़ों स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा एवं स्वागत की भव्य तैयारियां की जाएंगी। मातंगी टावर, जीवनी मंडी चौराहा पर महा आरती के साथ शोभा यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा।
यात्रा संयोजक अजय गर्ग (आवागढ़) ने शोभायात्रा की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष शोभायात्रा और भी अधिक आकर्षक और भव्य रूप में निकाली जाएगी। लगभग 50 से 60 झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र होंगी। नासिक और पुणे से विशेष बैंड दल आमंत्रित किए गए हैं, वहीं महाकाल की सवारी शोभायात्रा का विशेष आकर्षण रहेगी। हजारों श्रद्धालु महिला एवं पुरुष विशेष ड्रेस कोड में, हाथों में निशान थामे एवं नंगे पांव पदयात्रा करते हुए बाबा के जयघोष के साथ यात्रा में शामिल होंगे। शोभा यात्रा के दौरान गुलाल, इत्र और पुष्प की वर्षा भक्तों पर पूरे मार्ग में की जाएगी।
ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि इस भव्य शोभायात्रा में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाएं अपनी झांकी सेवा प्रदान करेंगी। इनमें श्री रामलीला कमेटी, मंगलमय परिवार, श्री गिरिराज जी सेवा मंडल, श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार आगरा, श्री श्याम लाडला परिवार, श्री आगरा नरेश राम भक्त सेवा समिति, श्री श्याम नगरी मासिक पोशाक सेवा एवं श्री श्याम तेरी मेहरबानियां परिवार प्रमुख रूप से सम्मिलित रहेंगे।
मुख्य ट्रस्टी हेमेंद्र अग्रवाल बताया कि 27 फरवरी को रंग भरनी एकादशी के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 23 फरवरी से 4 मार्च तक “रंग रंगीला फागुन महोत्सव” के अंतर्गत विभिन्न प्रकार की होली का आयोजन प्रतिदिन किया जाएगा। इसमें मेहंदी की होली, फलों की होली, टॉफी-चॉकलेट होली, मेवा होली, चंदन होली एवं फूलों की होली शामिल रहेंगी। 4 मार्च को जयपुर से विशेष रूप से मंगाए गए गुलाल के गोटों के साथ भव्य गुलाल होली खेली जाएगी।
सभा के अंत में सभी श्याम प्रेमियों से आह्वान किया गया कि वे इस शोभायात्रा एवं फागुन महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लें और बाबा श्री खाटू श्याम जी के जयकारों से नगर को भक्तिमय वातावरण से सराबोर करें। इस अवसर पर संजय अग्रवाल, गौरव बंसल, केशव अग्रवाल, संजय अग्रवाल, अखिल मोहन मित्तल, प्रबल गोयल विजय अग्रवाल, अनुराग गर्ग, स्वदेश वर्मा, अल्पेश आदि उपस्थित रहे।