खून के रिश्तों पर भारी लालच: बेटे ने मां-बाप को घर से निकाला, बुजुर्ग दंपत्ति की अपील- हमें बचा लो

आगरा। कभी जिस बेटे की किलकारी पर मां-बाप ने अपनी दुनिया बसाई, आज उसी ने उन्हें सड़क पर ला खड़ा किया। यह हृदयविदारक पीड़ा अवधपुरी निवासी गोपाल बाबू शर्मा और उनकी पत्नी रागिनी शर्मा की है, जिन्हें उनके सगे बेटे अंचित उर्फ इलू ने मानसिक, आर्थिक और शारीरिक उत्पीड़न के बाद अपने ही घर से बाहर निकाल दिया। अब यह बुजुर्ग दंपत्ति दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है।

May 20, 2025 - 18:20
 0
खून के रिश्तों पर भारी लालच: बेटे ने मां-बाप को घर से निकाला, बुजुर्ग दंपत्ति की अपील- हमें बचा लो
अपनी व्यथा बताते गोपाल बाबू शर्मा और उनकी पत्नी रागिनी शर्मा।

-मुख्यमंत्री पोर्टल तक गुहार, प्रशासन से भी की शिकायतें, लेकिन अब तक नहीं मिली कोई राहत

वाटरवर्क्स स्थित अतिथिवन होटल में इस दंपति ने अपनी व्यथा मीडिया के समक्ष बयां की। आंखों में आंसू लिए रागिनी शर्मा ने कहा, पति की पूरी जमा पूंजी और पेंशन का पैसा बेटे ने खत्म कर दिया। बहू अंकिता शर्मा आए दिन हमें झूठे दहेज के मुकदमे में फंसाने की धमकी देती है। दो साल से हम किराए के मकान में रहने को मजबूर हैं और पति की तबियत लगातार बिगड़ती जा रही है।

गोपाल बाबू शर्मा, जो प्रतापनगर डाकघर में पूर्व सरकारी कर्मचारी रहे हैं, ने कहा कि  बुढ़ापे में ये जिल्लत बर्दाश्त से बाहर है। हर महीने मकान की 14 हजार रुपये किश्तें भी मैं भर रहा हूं, मगर बेटा अब उसी मकान को हड़पना चाहता है। फोन पर रोज धमकियां मिलती हैं। मैंने बेटे को कानूनी रूप से बेदखल कर दिया है, लेकिन प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया। हमें डर है कि बेटा और बहू कभी भी हमारी हत्या कर सकते हैं।

बुजुर्ग दंपत्ति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर डीएम और एसएसपी आगरा तक शिकायतें की हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। इस बुजुर्ग दंपति का दर्द इस बात का गवाह है कि आज के समाज में खून के रिश्ते भी स्वार्थ और संपत्ति के सामने हारने लगे हैं।

SP_Singh AURGURU Editor