1 अक्टूबर से गूंजेगा गुरु का ताल में गुरमत समागम, देशभर के रागी जत्थे भरेंगे हाजिरी, तीन दिन तक कीर्तन, कथा-विचार और कवि दरबार; 3 अक्टूबर को होगा अमृत संचार
आगरा। गुरुद्वारा गुरु का ताल में संत बाबा साधू सिंह मोनी जी और संत बाबा निरंजन सिंह जी की स्मृति में 1 से 3 अक्टूबर तक 39वां गुरमत समागम आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय समागम में देशभर के प्रमुख रागी जत्थे, धर्म प्रचारक, कथावाचक, सिंह साहिबान, ढाढ़ी जत्थे और कविजन शामिल होंगे। समागम के दौरान कीर्तन, कथा-विचार और कवि दरबार के साथ 3 अक्टूबर की सुबह गुरुद्वारा मंजी साहिब में अमृत संचार भी कराया जाएगा। आयोजन को लेकर गुरुद्वारा गुरु का ताल में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
गुरुद्वारा गुरु का ताल के मौजूदा मुखी संत बाबा प्रीतम सिंह जी ने बताया कि यह गुरमत समागम पिछले 38 वर्षों से लगातार 1, 2 और 3 अक्टूबर को आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को महापुरुषों के कार्यों, संघर्ष और गुरुद्वारा गुरु का ताल को भव्य स्वरूप प्रदान करने में उनके योगदान से रूबरू कराना है।
उन्होंने बताया कि जब संत बाबा साधू सिंह मोनी जी ने गुरुद्वारा गुरु का ताल की सेवा संभाली थी, उस समय पूरा क्षेत्र सुनसान जंगल हुआ करता था। आसपास दूर-दूर तक आबादी नहीं थी और लोग यहां आने-जाने से भी डरते थे। ऐसे समय में संत बाबा साधू सिंह मोनी जी ने शहर की संगत को इस स्थान से जोड़ा और गुरुद्वारा निर्माण का कार्य शुरू कराया। बाद में संत बाबा निरंजन सिंह जी के सहयोग से गुरुद्वारा परिसर को व्यापक और भव्य स्वरूप मिला।
गुरुद्वारा गुरु का ताल के बाबा अमरीक सिंह जी ने बताया कि वर्ष 1971 में संत बाबा साधू सिंह मोनी जी हजूर साहिब से आगरा आए और गुरुद्वारा गुरु का ताल की सेवा संभाली। संत बाबा निरंजन सिंह जी और मौजूदा मुखी संत बाबा प्रीतम सिंह जी के सहयोग से उन्होंने गुरुद्वारे को भव्य स्वरूप प्रदान किया और कई निर्माण कार्य कराए।
कवि दरबार से होगी शुरुआत
बाबा अमरीक सिंह ने बताया कि गुरमत समागम की शुरुआत 1 अक्टूबर की शाम सात बजे कवि दरबार से होगी। 2 अक्टूबर को सुबह नौ बजे भाई नंदलाल जी समागम हाल में कीर्तन समागम शुरू होगा, जो दोपहर तीन बजे तक चलेगा। इसी दिन शाम सात बजे से रात 12 बजे तक फिर कीर्तन समागम होगा।
समागम में देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में संगत के पहुंचने की संभावना है। व्यवस्था संभालने और लंगर वितरण की सेवा के लिए सितारगंज से भाई मंज सेवा सोसायटी के सेवादार भी आगरा पहुंचेंगे।
श्री गुरु सिंह सभा माईथान के प्रधान कवलदीप सिंह और हेड ग्रंथी ज्ञानी कुलविंदर सिंह ने संगत से गुरमत समागम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त करने की अपील की है।
3 अक्टूबर को अमृत संचार
मीडिया प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि 3 अक्टूबर की सुबह गुरुद्वारा मंजी साहिब में अमृत संचार कराया जाएगा। इसके लिए दिल्ली से गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से पंज प्यारे साहिबान आगरा आएंगे और संगत को अमृत पान कराएंगे।
देशभर से पहुंचेंगे रागी जत्थे और सिंह साहिबान
तीन दिवसीय कीर्तन समागम में सिंह साहिब ज्ञानी निशान सिंह जी, श्री दरबार साहिब अमृतसर; सिंह साहिब ज्ञानी रणजीत सिंह, हेड ग्रंथी गुरुद्वारा बंगला साहिब, नई दिल्ली; सिंह साहिब ज्ञानी अंग्रेज सिंह, हेड ग्रंथी गुरुद्वारा शीशगंज साहिब, नई दिल्ली; भाई हरजोत सिंह जख्मी, जालंधर; भाई तरनवीर सिंह रब्बी, लुधियाना तथा बीबी दलेर कौर जी खालसा ढाढ़ी जत्था, पंजाब प्रमुख रूप से कीर्तन और कथा-विचार की हाजिरी भरेंगे।
पोस्टर का विमोचन
तीन दिवसीय गुरमत समागम के पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में गुरुद्वारा गुरु का ताल के मौजूदा मुखी संत बाबा प्रीतम सिंह जी, जत्थेदार राजेंद्र सिंह, महंत हरपाल सिंह जी, भाई जगतार सिंह जांगियाना, दलजीत सिंह सेतिया, गुरुद्वारा माईथान के प्रधान कमलदीप सिंह, ग्रंथी कुलविंदर सिंह, चौधरी मनजीत सिंह, परमजीत सिंह सारना, बॉबी वालिया, अरजिंदर सिंह, नरेंद्र सिंह ललिया, बॉबी आनंद, ग्रंथी हरबंस सिंह, जोगा सिंह आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।