गुरु पूर्णिमा मेला कल से, पुलिस प्रशासन ने किए सुरक्षा के मुकम्मल इंतजाम

गोवर्धन, मथुरा। कल (4 जुलाई) से आरंभ होने जा रहे गुरु पूर्णिमा मेले को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। करोड़ों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को व्यवस्थित ढंग से संभालने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। एसएसपी श्लोक कुमार ने गुरुवार को राधेश्याम सेवा सदन में ब्रीफिंग कर अंतिम दिशा-निर्देश दिए।

Jul 3, 2025 - 22:33
 0
गुरु पूर्णिमा मेला कल से, पुलिस प्रशासन ने किए सुरक्षा के मुकम्मल इंतजाम
गुरुवार को राधेश्याम सेवा सदन में मुर्डिया पूर्णिमा मेले को लेकर मातहतों को ब्रीफिंग देते एसएसपी श्लोक कुमार।

हर मोर्चे पर पुलिस की तैनाती

ब्रीफिंग में स्थानीय के साथ-साथ अन्य जिलों से बुलाए गए अधिकारियों और जवानों को सेक्टरवार ड्यूटी सौंप दी गई है। सप्तकोशी परिक्रमा मार्ग और गोवर्धन क्षेत्र के हर चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा। भीड़ नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और आपदा प्रबंधन के लिए मुख्य बिंदुओं पर सीओ रैंक के अधिकारी और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे।

हाईटेक निगरानी: 183 सीसीटीवी कैमरे, 31 वॉच टावर

सुरक्षा की दृष्टि से 183 सीसीटीवी कैमरे, 31 वॉच टावर, 6 स्थायी और 37 अस्थायी पुलिस चौकियां, तथा 61 पार्किंग स्थल तैयार किए गए हैं। प्रमुख स्नान स्थल मानसी गंगा पर श्रद्धालुओं के लिए फव्वारों द्वारा स्नान की व्यवस्था की गई है।

मेडिकल, अग्निशमन और इमरजेंसी सेवाएं तैनात

आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए एंबुलेंस, मेडिकल टीम, फायर ब्रिगेड और 100 नंबर रेस्पॉन्स टीम को भी एक्टिव मोड पर रखा गया है। सभी सेवाओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे बिना देरी के तत्काल सहायता उपलब्ध कराएं।

श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि

एसएसपी श्लोक कुमार ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और मार्गदर्शन प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। पुलिस, प्रशासन और स्वयंसेवी संस्थाएं मेले को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रूप देने में जुटी हैं।

SP_Singh AURGURU Editor