आगरा में जोनल पार्क के बाहर टहल रहे आलू कारोबारी से चेन लूटी, बाइक सवार लुटेरे फरार
आगरा। ताजगंज थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। शुक्रवार सुबह जोनल पार्क के बाहर टहलने आए आलू कारोबारी महेंद्र सिंह से बाइक सवार लुटेरे गले की करीब दो तौले की चेन झपटकर फरार हो गए। पीड़ित कारोबारी के मुताबिक चेन की कीमत करीब दो लाख रुपये है।
-पुलिस की ढील से बढ़ा बदमाशों का दुस्साहस, सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी
विश्वकर्मापुरम निवासी महेंद्र सिंह रोज की तरह सुबह सैर के लिए जोनल पार्क पहुंचे थे। सुबह लगभग 7:25 बजे जब वे पार्क से बाहर निकल रहे थे, तभी पीछे से एक बाइक पर सवार दो युवक तेज़ी से आए और अचानक झपट्टा मारकर उनके गले से चेन तोड़ ली। शोर मचाकर उन्होंने पीछा करने की कोशिश की, लेकिन लुटेरे तेज़ रफ्तार में निकल भागे।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना ताजगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। कुछ ही देर में डीसीपी सिटी सोनम कुमार भी वहां पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिसमें बाइक सवार लुटेरे कैद हो गए हैं।
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि फुटेज के आधार पर लुटेरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऑपरेशन लंगड़ा के तहत कुछ समय पहले पुलिस का सख्त रवैया था, लेकिन हालिया शिथिलता से बदमाश फिर सक्रिय हो गए हैं।