तेज रफ्तार का कहर: बरेली में हाईवे पर कैंटर-टेंपो में भीषण टक्कर, दंपति की मौत, दो घायल
बरेली जिले में लखनऊ–दिल्ली नेशनल हाईवे पर शनिवार देर रात तेज रफ्तार कैंटर और टेंपो की टक्कर में शादी से लौट रहे दंपति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी और टेंपो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर लंबे समय तक जाम की स्थिति बनी रही।
-आरके सिंह-
बरेली। लखनऊ–दिल्ली नेशनल हाईवे पर अहलादपुर चौकी क्षेत्र स्थित बड़ा बाईपास के पास पटेल ढाबे के सामने शनिवार आधी रात बाद एक भीषण दुर्घटना हो गई। जानकारी के अनुसार, सिद्धार्थनगर कॉलोनी निवासी पंकज सिंह (50), उनकी पत्नी सरिता सिंह (44) और 12 वर्षीय बेटी अंशिका शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पार कर रहा टेंपो तेज रफ्तार आ रहे कैंटर की चपेट में आ गया।
इज्जतनगर थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो का अगला हिस्सा कैंटर में फंस गया और काफी दूर तक घिसटता चला गया। हादसे में सरिता सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। पंकज सिंह, उनकी बेटी अंशिका और टेंपो चालक जाहिद गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस से सभी घायलों को अस्पताल भेजा, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही पंकज सिंह ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अंशिका और चालक जाहिद का उपचार अस्पताल में जारी है।
दुर्घटना के बाद हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस टीम ने वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है। घटनास्थल की जांच जारी है।