‘मुझे बना लो बॉयफ्रेंड’ कहकर करता था अश्लील बातें, छात्रा की शिकायत पर टीचर पर पॊक्सो में केस

आगरा। शहर में कोचिंग चलाने वाले एक गणित टीचर पर वहां पढ़ने आने वाली एक नाबालिग छात्रा ने गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा के अनुसार, शिक्षक कोचिंग के दौरान उस पर बार-बार बॉयफ्रेंड बनने का दबाव डालता था और अश्लील बातें करता था। छात्रा की शिकायत पर न्यू आगरा थाने में उसके खिलाफ पॊक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कोचिंग में यह हरकत करने वाला टीचर शहर के प्रतिष्ठित एमपीएस वर्ल्ड स्कूल में गणित की कक्षाएं लेता है। शिक्षक की हरकत की जानकारी मिलने पर स्कूल प्रबंधन ने तत्काल प्रभाव से उसकी सेवाएं समाप्त करने का निर्णय ले लिया है।

Jun 25, 2025 - 16:33
 0
‘मुझे बना लो बॉयफ्रेंड’ कहकर करता था अश्लील बातें, छात्रा की शिकायत पर टीचर पर पॊक्सो में केस

-कोचिंग में शिक्षक पुनीत वशिष्ठ नाबालिग छात्रा पर निरंतर बना रहा था दबाव

-एमपीएस वर्ल्ड स्कूल में गणित का टीचर है पुनीत, स्कूल प्रबंधन ने किया टर्मिनेट

- न्यू आगरा पुलिस ने केस दर्ज कर छात्रा का मेडिकल कराया, दबिश में फरार मिला टीचर

पीड़िता की हिम्मत, पुलिस में शिकायत दर्ज

लगातार मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर छात्रा ने आखिरकार न्यू आगरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पॊक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही छात्रा का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।

फरार है आरोपी शिक्षक, पुलिस कर रही तलाश

मामला दर्ज होने के बाद जब पुलिस पुनीत वशिष्ठ की गिरफ्तारी के लिए पहुंची तो वह घर से फरार मिला। अब पुलिस उसकी सक्रिय तलाश में जुटी हुई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

एमपीएस प्रबंधन का सख्त रुख, तत्काल टर्मिनेशन

एमपीएस वर्ल्ड स्कूल के चेयरमैन स्क्वाड्रन लीडर एके सिंह को जैसे ही इस घटना की जानकारी मिली, उन्होंने तत्काल प्रभाव से शिक्षक को टर्मिनेट करने का निर्देश प्रिंसिपल राखी जैन को दिया। स्कूल प्रशासन ने तुरंत टर्मिनेशन प्रक्रिया पर अमल किया। इस शिक्षक की स्कूल से सेवाएं समाप्त की जा रही हैं।

चेयरमैन एके सिंह ने साफ कहा, चाहे घटना स्कूल के बाहर की हो, लेकिन शिक्षक का आचरण हमारे लिए अस्वीकार्य है। ऐसा व्यक्ति हमारे संस्थान का हिस्सा नहीं हो सकता।

इस घटना के बारे में जैसे-जैसे जानकारी मिल रही है, कोचिंग संस्थानों में लड़कियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

SP_Singh AURGURU Editor