राणा सांगा केस में फिर टली सुनवाई: अखिलेश यादव पक्ष से अधिवक्ता पेश, 27 को होगी अगली सुनवाई
आगरा। बहुचर्चित राणा सांगा केस की सुनवाई गुरुवार को आगरा की ए.डी.जे.-19 / एम.पी.-एम.एल.ए. कोर्ट में हुई। यह मामला सिविल रिवीजन संख्या 119/2025 के अंतर्गत चल रहा है। सुनवाई के दौरान विपक्षी संख्या-1 अखिलेश यादव (समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष) की ओर से अधिवक्ता रईसुद्दीन न्यायालय में उपस्थित हुए, जबकि विपक्षी संख्या-2 रामजीलाल सुमन (राज्यसभा सदस्य) आज भी न्यायालय में उपस्थित नहीं हुए।
वादी की ओर से अधिवक्ता अजय प्रताप सिंह के प्रतिनिधि अधिवक्ता नरेश सिकरवार, एस.पी. सिंह सिकरवार एवं राहुल सोलंकी कोर्ट में उपस्थित रहे। अधिवक्ता रईसुद्दीन ने अदालत से वाद पत्र और केस से संबंधित अन्य दस्तावेजों की मांग की। इस पर अधिवक्ता नरेश सिकरवार ने न्यायालय को अवगत कराया कि वादी अधिवक्ता अजय प्रताप सिंह उच्च न्यायालय इलाहाबाद में श्री जन्मभूमि केस की सुनवाई में व्यस्त होने के कारण उपस्थित नहीं हो सके।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी वाद पत्र और दस्तावेज विपक्षी अधिवक्ता को 27 नवंबर से पहले उपलब्ध करा दिए जाएंगे। अदालत ने दलीलों को सुनने के बाद अगली सुनवाई की तिथि 27 नवंबर 2025 नियत की है।