हेल्प आगरा का जन सुविधा केंद्रः सरकारी योजनाओं के लिए निःशुल्क पंजीकरण सुविधा शुरू

आगरा। सरकारी योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक सरलता और पारदर्शिता के साथ पहुंचाने के उद्देश्य से हेल्प आगरा संस्था द्वारा मोती कटरा स्थित हेल्प आगरा भवन में निशुल्क जन सुविधा केंद्र संचालित किया जा रहा है। इस केंद्र के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं और आवश्यक दस्तावेजों के लिए पंजीकरण की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।

Jun 6, 2026 - 18:53
Jun 6, 2026 - 18:54
 0
हेल्प आगरा का जन सुविधा केंद्रः सरकारी योजनाओं के लिए निःशुल्क पंजीकरण सुविधा शुरू
जन सुविधा केंद्र शुरू किए जाने के मौके पर मौजूद हेल्प आगरा के पदाधिकारी।

हेल्प आगरा के महासचिव गौतम सेठ ने बताया कि जन सुविधा केंद्र सोमवार से शनिवार तक नियमित रूप से सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होता है। केंद्र का उद्देश्य उन लोगों की सहायता करना है, जिन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने या आवश्यक दस्तावेज बनवाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने बताया कि केंद्र पर विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, ई-श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, आभा कार्ड, पैन कार्ड, वोटर कार्ड और आधार कार्ड सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिए पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है।

गौतम सेठ ने स्पष्ट किया कि संस्था की ओर से दी जाने वाली सेवा पूरी तरह निःशुल्क है। आवेदकों को केवल सरकार द्वारा निर्धारित प्रपत्र एवं निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होता है। संस्था किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लेती।

उन्होंने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि हेल्प आगरा का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उन्हें प्रशासनिक प्रक्रियाओं में सहयोग प्रदान करना है।

संस्था की ओर से नागरिकों को अधिक जानकारी के लिए 0562-4007102 एवं 7055764507 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।

SP_Singh AURGURU Editor