बरेली में हाई प्रोफाइल हंगामा: माई बार हेडक्वार्टर की क्रिसमस पार्टी में बोतलबाज़ी, युवती घायल, राइस मिल मालिक की बेटी व बॉयफ्रेंड पर केस

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। शहर के सेटेलाइट चौराहे के पास पीलीभीत बाईपास रोड स्थित माई बार हेडक्वार्टर में क्रिसमस पार्टी के दौरान हाई प्रोफाइल हंगामे का मामला सामने आया है। राइस मालिक की बेटी और उसके साथियों ने एक युवती पर हमला किया। शराब की बोतलों से हमला कर एक युवती को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। मामले में राइस मिल मालिक की बेटी, उसके बॉयफ्रेंड समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

Dec 27, 2025 - 20:04
 0
बरेली में हाई प्रोफाइल हंगामा: माई बार हेडक्वार्टर की क्रिसमस पार्टी में बोतलबाज़ी, युवती घायल, राइस मिल मालिक की बेटी व बॉयफ्रेंड पर केस
बरेली के माई बार हेडक्वार्टर में क्रिसमस पार्टी के दौरान हुए हंगामे में घायल युवती।

घटना 26 दिसंबर की आधी रात की है। माई बार हेडक्वार्टर में क्रिसमस पार्टी चल रही थी। पीड़िता महक गुप्ता, निवासी आशुतोष सिटी, के अनुसार पार्टी के दौरान कुछ युवक-युवतियों ने उसके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपियों ने शराब की बोतलों से ताबड़तोड़ वार कर उसका सिर फोड़ दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने थाना बारादरी प्रभारी को तत्काल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एसएसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि महिलाओं के साथ छेड़छाड़, अभद्रता और आधी रात में गुंडई किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि माई बार हेडक्वार्टर में रात एक बजे के बाद तक शराब परोसी जा रही थी और डीजे बज रहा था, जो सुप्रीम कोर्ट और प्रशासनिक निर्देशों का खुला उल्लंघन है। रात दस बजे के बाद डीजे बजाने के मामले में भी पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं।

घटना के बाद आबकारी विभाग भी सक्रिय हो गया है। जिला आबकारी अधिकारी हुकुम सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए आबकारी निरीक्षक को थाना बारादरी भेजा गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यह जांच की जा रही है कि लाइसेंस शर्तों के विपरीत शराब परोसी गई या नहीं। उल्लंघन पाए जाने पर बार प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

थाना बारादरी प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि पीड़िता महक गुप्ता की तहरीर पर आज़ाद नगर कॉलोनी निवासी रोनित श्रीवास्तव, ध्रुव राय, अमन राय, चिराग गुप्ता और राइस मिल मालिक की बेटी सलोनी पटेल, समेत 2–3 अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 190, 191(2), 191(3), 74, 115(2), 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें यह भी सामने आया कि वह भी नशे की हालत में थी। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम ने माई बार हेडक्वार्टर से सभी सीसीटीवी फुटेज और वीडियो कब्जे में ले लिए हैं। फुटेज के आधार पर नामजद आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जबकि अन्य संदिग्धों को भी चिन्हित किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor