बाह-इटावा मार्ग पर तेज रफ्तार डंपर का कहर, टेंपो को मारी जोरदार टक्कर, एक युवक की मौत, पांच गंभीर घायल

बाह-इटावा मार्ग पर कमल नयन कोल्ड स्टोर के पास सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार अज्ञात डंपर ने टेंपो को टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो सवार भगवानदीन की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी जैतपुर ले जाया गया, जहां से पांच को हायर सेंटर रेफर किया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Mar 24, 2026 - 00:05
 0
बाह-इटावा मार्ग पर तेज रफ्तार डंपर का कहर, टेंपो को मारी जोरदार टक्कर, एक युवक की मौत, पांच गंभीर घायल
अस्पताल में इलाजरत एक्सीडेंट में घायल लोग।

बाह (आगरा)। थाना चित्राहाट क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। बाह-इटावा मार्ग पर कमल नयन कोल्ड स्टोर, कचौरा घाट के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात डंपर ट्रक ने टेंपो को अपनी चपेट में लेकर जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

हादसे में टेंपो सवार अजय निवासी नगला इमली, थाना चित्राहाट, अभिषेक, चंद्र प्रकाश, छविकांत, बृजेश तथा भगवानदीन पुत्र महाराज सिंह, निवासी ग्राम पुराफकीरे, थाना फफूंद, औरैया गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय ग्रामीण तत्काल राहत कार्य में जुट गए।

ग्रामीणों की सूचना पर थाना चित्राहाट पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सभी घायलों को पुलिस वाहन की मदद से इलाज के लिए सीएचसी जैतपुर भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल भगवानदीन को मृत घोषित कर दिया।

वहीं अन्य पांच घायलों की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एंबुलेंस के जरिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद अज्ञात डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस अब फरार डंपर और चालक की तलाश में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से वाहन की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

गौरतलब है कि बाह-इटावा मार्ग पर यह कोई पहली बड़ी दुर्घटना नहीं है। महज पांच दिन पहले इसी मार्ग पर एक बोलेरो कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई थी, जिसमें एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे हादसों ने इस मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बाह-इटावा मार्ग पर ओवरस्पीडिंग, भारी वाहनों की लापरवाही और अपर्याप्त ट्रैफिक निगरानी के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर कड़ी निगरानी, स्पीड कंट्रोल और नियमित पुलिस गश्त की मांग की है।