अहिल्याबाई होल्कर की त्रिशताब्दी पर आगरा के जीआईसी ग्राउंड में कल ऐतिहासिक जुटान
आगरा। महारानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में एक जून को जीआईसी मैदान, आगरा में एक भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक समारोह में देशभर से हज़ारों की संख्या में लोग शामिल होंगे। मुख्य कार्यक्रम में उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय तथा अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे।
-उप राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री एक जून को जीआईसी मैदान में करेंगे शिरकत, सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम
यह समारोह महारानी अहिल्याबाई होलकर की ऐतिहासिक विरासत, महिला सशक्तिकरण और सनातन संस्कृति के संरक्षण के संकल्प को समर्पित होगा।
सीएम और उप राष्ट्रपति दोपहर एक बजे पहुंचेंगे मैदान में
समारोह के आयोजक केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल के अनुसार, कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक लोगों की उपस्थिति की संभावना है। समारोह स्थल पर दोपहर एक बजे उप राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री के साथ सांसद, मंत्री और विधायकगण भी पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर खेरिया एयरपोर्ट से जीआईसी मैदान तक का मार्ग आम जनता के लिए अस्थाई रूप से बंद रहेगा।
सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य, ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध
कार्यक्रम को लेकर पुलिस और प्रशासन ने कमान संभाल ली है। डीसीपी सोनम कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने जीआईसी मैदान पहुंचकर सुरक्षा इंतज़ामों की समीक्षा की। समारोह में 1000 से अधिक पुलिसकर्मी और पीएसी बल तैनात रहेंगे। वीवीआईपी मूवमेंट के चलते एक जून को ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
सहूलियत के लिए छह स्थानों पर पार्किंग
भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए छह स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है-
डायट परिसर – वीआईपी वाहनों के लिए।
कोठी मीना बाजार मैदान – फतेहपुर सीकरी, सिकंदरा, बोदला से आने वाली बसों और अन्य वाहनों के लिए।
पुलिस परेड मैदान व पुलिस अस्पताल परिसर – फिरोजाबाद, भगवान टॉकीज, फतेहाबाद, शमशाबाद, रोहता व मलपुरा क्षेत्र से आने वाले वाहनों के लिए।
जूता मंडी क्षेत्र – सामान्य दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए।
आमजन के लिए खुला रहेगा यातायात, कुछ समय होगा प्रतिबंधित
वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान कुछ समय के लिए मार्ग प्रतिबंधित किया जाएगा, परंतु अन्य समय में यातायात सामान्य रूप से चलता रहेगा।