आगरा में थाने से 250 मीटर दूर गुंडई: छात्र की पिटाई, घरों पर पथराव और हथियार लहराया
आगरा। आगरा में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक दुस्साहसिक घटना सामने आई है। थाना ट्रांस यमुना से महज़ 250 मीटर की दूरी पर दबंगों ने खुलेआम तांडव किया। एक छात्र को बीच सड़क पीटा, घरों पर पथराव किया और पिस्टल लहराते हुए फायरिंग की कोशिश तक की। पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके के लोगों में दहशत है।
रविवार शाम की यह वारदात ट्रांस यमुना क्षेत्र के कीर्ति विहार की है, जहां एक छात्र कोचिंग क्लास के लिए घर से निकला ही था कि मोहल्ले के कुछ दबंग युवकों ने उसे रोक लिया। मामूली बात पर कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी।
छात्र के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे, तो दबंगों ने उन्हें भी निशाना बना लिया। महिलाओं और बुजुर्गों तक को नहीं छोड़ा गया। इसके बाद आरोपियों ने मोहल्ले के कई घरों पर जमकर पथराव किया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक युवक हाथ में पिस्टल लहराते हुए फायरिंग करने की कोशिश कर रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि युवक जिस पिस्टल का इस्तेमाल कर रहा था, वह उसके फौजी पिता की रिवॉल्वर थी। पथराव के दौरान एक महिला के सिर में गंभीर चोट आई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी भाग चुके थे। चौंकाने वाली बात यह रही कि यह पूरी वारदात थाना ट्रांस यमुना से केवल 250 मीटर की दूरी पर हुई। बावजूद इसके, गुंडे बेखौफ होकर घरों में तोड़फोड़ और पथराव करते रहे।
पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज किया गया है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि बाकी की पहचान सीसीटीवी फुटेज से की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, जिस वजह से वे इलाके में लंबे समय से दबंगई कर रहे हैं। फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।