भीषण हादसाः आगरा के डा. अनिरुद्ध समेत पांच युवा डाक्टरों की मौत, सभी सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के
कन्नौज। आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर आज तड़के एक भीषण सड़क हादसे में सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के पांच युवा डॊक्टरों की दर्दनाक मौत हो गई। इन डॊक्टरों की कार एक्सप्रेस वे के डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरी लेन पर आ गई, जहां तेजी से आते ट्रक से टकराकर उसके परखच्चे उड़ गए। मौके पर ही पांच युवा डॊक्टरों की मौत हो गई थी जबकि एक गंभीर घायल है।
-आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर कन्नौज जिले में डिवाइडर तोड़ दूसरी लेन में पहुंची स्कार्पियो के ट्रक से टकराकर परखच्चे उड़े
सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के पांच मृत डाक्टरों में आगरा में कमला नगर क्षेत्र के राधा विहार एक्सटेंशन निवासी पवन कुमार वर्मा के पुत्र डा. अनिरुद्ध वर्मा भी हैं। बरेली जिले के नवाबगंज निवासी डा. नरदेव पुत्र लखन सिंह गंगवार, कन्नौज जिले के मोतीपुर निवासी डा. अरुण कुमार पुत्र अंगद लाल, संतरविदास नगर, भदोही निवासी डा. संतोष पुत्र जीत नारायण मौर्य की पहचान हो चुकी है। पांचवें मृतक की पहचान की जा रही है।
कन्नौज पुलिस ने बताया कि यह हादसा अलसुबह तीन बजे के बाद हुआ। ये सभी युवा डाक्टर एक स्कार्पियो में सवार होकर लखऩऊ की ओर से आ रहे थे। एक्सप्रेसवे पर कन्नौज जिले की सीमा में स्कार्पियो अचानक से डिवाइडर पर जा चढ़ी और आगरा से लखनऊ जाने वाली लेन में पहुंच गई। इसी वक्त तेजी से आ रहे एक ट्रक की टक्कर से स्कार्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार से बमुश्किल मृतकों के शवों को बाहर निकाला। स्कार्पियो में सवार मुरादाबाद निवासी जयवीर सिंह नामक युवक बहुत गंभीर घायल है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में मेडिकल स्टूडेंटस और जूनियर डाक्टर मौके पर पहुंच गए थे। सभी गमगीन थे। पुलिस आशंका जता रही है कि स्कार्पियो के ड्राइवर को झपकी लगने से यह दर्दनाक हादसा हुआ है। पुलिस द्वारा मृतकों के बारे में पता लगाकर उनके परिवारों को सूचना दी जा रही है।