आगरा को स्वच्छ–सुंदर बनाने के लिए ठोस सुझाव देगा हॉर्टीकल्चर क्लब, मेयर ने जताया सहयोग
आगरा। यदि शहर का पर्यावरण स्वच्छ और सुंदर होगा, तो नागरिकों का जीवन भी स्वस्थ और संतुलित रहेगा। इसी सोच को सशक्त रूप देने के उद्देश्य से हॉर्टीकल्चर क्लब ने अपने 13वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर नगर निगम के साथ मिलकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस पहल का संकल्प लिया। कॉसमॉस मॉल स्थित होटल फेयरफील्ड बाय मेरिएट में आयोजित इस कार्यक्रम में पर्यावरणीय चुनौतियों, नागरिक सहभागिता और हरित भविष्य पर गंभीर मंथन हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर हेमलता दिवाकर एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. सुषमा गुप्ता द्वारा श्रीगणपति की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। अतिथियों का स्वागत करते हुए क्लब की संस्थापिका लवली कथूरिया ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और क्लब द्वारा किए जा रहे पौधरोपण, जागरूकता अभियानों एवं पर्यावरणीय गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।
नगर निगम–क्लब साझेदारी से बदलेगा शहर का चेहरा
महापौर हेमलता दिवाकर ने अपने संबोधन में कहा कि नगर निगम द्वारा बस्तियों में समूह बनाकर स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सड़कों पर बने कचरा घर हटाए जा चुके हैं और एत्मादपुर में कचरे से बिजली बनाने वाला प्लांट तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पौधरोपण के बाद उनकी देखभाल की जिम्मेदारी स्थानीय लोगों को दी जा रही है, ताकि हरित प्रयास स्थायी बन सकें। महापौर ने हॉर्टीकल्चर क्लब से पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने के लिए ठोस सुझाव मांगे और भरोसा दिलाया कि नगर निगम क्लब के साथ मिलकर उन पर अमल करेगा। साथ ही बच्चों को भी ऐसे अभियानों से जोड़ने पर विशेष बल दिया, ताकि भावी पीढ़ी इस मुहिम को आगे बढ़ा सके।
पर्यावरण की पीड़ा और चेतावनी मंच से गूंजी
कार्यक्रम में आशु मित्तल ने पर्यावरण पर प्रभावशाली प्रेजेंटेशन दिया। रश्मि मित्तल ने “मुझे चलना था, पर सड़क मेरी नहीं थी…” और बीना सचदेवा ने “पेड़ों की व्यथा” तथा “अब सांस लेना भी याद बन गया है” विषयों पर मार्मिक प्रस्तुतियां देकर सभागार को गंभीर सोच में डुबो दिया।
पर्यावरण आधारित खेल और सम्मान समारोह
वार्षिकोत्सव के दौरान पर्यावरण से जुड़े रोचक खेल आयोजित किए गए, जिनमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही हाल ही में आयोजित चार दिवसीय बोगनविलिया प्रदर्शनी सहित अन्य प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन रचना अग्रवाल ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर डेजी गुजराल, रेनू भगत, रविंद्र श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने स्पष्ट संदेश दिया कि यदि प्रशासन और समाज साथ आएं, तो आगरा को हरित, स्वच्छ और सुंदर शहर बनने से कोई नहीं रोक सकता।