सोल दाना फैक्ट्री में भीषण आग, दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं
आगरा के बिचपुरी रोड पर स्थित एक सोल का दाना बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने के प्रयास में जुट गईं हैं। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका है, जिसके कारण आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।
बिचपुरी रोड पर ओम फैक्ट्री के निकट स्थित सोल के दाने बनाने वाली फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंच गईं। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, लगभग 8 बजे जूते के सोल के दाने बनाने वाली फैक्ट्री से अचानक आग की तेज लपटें उठने लगीं। आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंच गईं। फैक्ट्री में आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख होने की आशंका है।