आगरा में लोहामंडी थाने के सामने पीपल का विशाल पेड़ गिरा, कई लोग घायल, सड़क अवरुद्ध
आगरा। लोहामंडी थाने के सामने शनिवार दोपहर में अचानक एक विशाल पीपल का पेड़ सड़क पर गिर पड़ा। इस हादसे में कई लोग घायल हो गए और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। पेड़ गिरने के बाद सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई है। पुलिस द्वारा ट्रैफिक को डायवर्ट किया जा रहा है।
हादसा लगभग दो बजे हुआ। जयपुर हाउस निवासी स्कूटर चालक उमेश अग्रवाल उस समय थाने के सामने से गुजर रहे थे। पेड़ अचानक उनके ऊपर गिरा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया है। इसी दौरान सड़क से गुजर रहे एक ऑटो का पिछला हिस्सा भी पेड़ की चपेट में आ गया। उसमें बैठी एक महिला घायल हो गई। इसके अलावा घटनास्थल पर मौजूद कई और लोग भी चोटिल हुए हैं।
हादसे के वक्त लीडर्स आगरा के महामंत्री सुनील जैन भी वहीं मौजूद थे। वे इस हादसे में बाल-बाल बच गए। पेड़ उनके खड़े होने वाली जगह से मात्र 20 फीट की दूरी पर गिरा।
पेड़ गिरते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। थाने में मौजूद पुलिसकर्मी और आसपास मौजूद दौड़कर बाहर आए और बचाव कार्य शुरू किया। पेड़ के नीचे दबे अवधेश अग्रवाल को लोगों की मदद से बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल भेजा गया।
पीपल का यह पेड़ इतना विशाल था कि गिरने से सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई। ट्रैफिक रुक गया और जाम लग गया। पुलिस ने तुरंत लोहामंडी चौराहे से ट्रैफिक डायवर्ट कराया। पेड़ हटवाने का काम शुरू कर दिया गया है।