आगरा में बीएलओ की लापरवाही से एचआर एस्टेट के सैकड़ों मतदाता पंचायत चुनाव से वंचित होने जा रहे
आगरा। बिचपुरी ब्लॉक की कलवारी ग्राम पंचायत अंतर्गत स्थित एचआर एस्टेट कॉलोनी के निवासियों के नाम पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में शामिल न किए जाने से स्थानीय लोगों में गहरा रोष व्याप्त है। बीएलओ की निष्क्रियता और प्रशासनिक लापरवाही के चलते कॉलोनी के लोग अपने मताधिकार से वंचित हो सकते हैं। इस प्रकरण पर अंतर्राष्ट्रीय हिन्दी साहित्य भारती के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. देवी सिंह नरवार ने प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है।
डॉ. देवी सिंह नरवार ने कहा कि बिचपुरी विकासखंड की कलवारी ग्राम पंचायत की मतदाता सूची में एचआर एस्टेट कॉलोनी के निवासियों के नाम अब तक सम्मिलित नहीं किए गए हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) की लापरवाही, निष्क्रियता, उपेक्षा और उदासीनता के चलते कॉलोनी के मतदाता सूची से बाहर रह गए हैं।
उन्होंने बताया कि बीएलओ द्वारा पिछले कई महीनों से गांवों में घर-घर जाकर मतदाता सूची अपडेट करने का कार्य किया जा रहा है, लेकिन एचआर एस्टेट कॉलोनी को इस प्रक्रिया से जानबूझकर नजरअंदाज किया गया है। मतदाता सूची के अद्यतन की समय सीमा समाप्त हो चुकी है, परन्तु कॉलोनी के किसी भी घर में बीएलओ नहीं पहुंचा।
डॉ. नरवार ने कहा कि इस गंभीर चूक के कारण एचआर एस्टेट कॉलोनी के निवासियों को अप्रैल–मई 2026 में प्रस्तावित त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतदान का अधिकार नहीं मिल सकेगा, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर प्रश्नचिह्न खड़ा हो गया है। उन्होंने आगरा सदर तहसील के उपजिलाधिकारी से आग्रह किया है कि वे इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर कॉलोनी के सभी पात्र निवासियों के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाने के निर्देश जारी करें।
उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र ही इस विषय पर कार्यवाही नहीं हुई तो एचआर एस्टेट के लोग संयुक्त रूप से ज्ञापन देकर उच्च अधिकारियों से न्याय की मांग करेंगे।