योगी सीएम हैं तो सुमन के घर हमले के दोषियों को दंडित करें-अखिलेश
आगरा। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि आगरा में मुख्यमंत्री के उपस्थित रहते हुए भी पीडीए के एक सांसद (रामजी लाल सुमन) के घर पर कुछ लोगों द्वारा की गई तोड़फोड़ पर सवाल उठाया है। सपा मुखिया ने कहा है कि योगी आदित्यनाथ अगर अब भी मुख्यमंत्री हैं तो दोषियों की पहचान कर उन्हें दंडित करें, नहीं तो यह मान लिया जाएगा कि पीडीए सांसद के खिलाफ ये सब उनकी अनुमति से हुआ है।
आगरा में सांसद रामजी लाल सुमन के आवास पर हुए बवाल पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा है कि हिंसक वारदात जब रोकी नहीं जा सकती है तो फिर जीरो टॊलरेंस तो जीरो होना ही है। उन्होंने कहा कि क्या मुख्यमंत्री जी का प्रभाव क्षेत्र दिन पर दिन घट रहा है या फिर आउटगोइंग सीएम की अब कोई सुन नहीं रहा है। अगर वो अभी भी मुख्यमंत्री हैं तो तुरंत कार्रवाई करें और दोषियों की एआई से पहचान कर दंडित करें।
इसके बाद अखिलेश यादव ने एक्स पर एक और ट्वीट कर लिखा, समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय और समतामूलक समाज की स्थापना में विश्वास करती है। हम कमजोर से कमजोर हर एक व्यक्ति को भी सम्मान दिलाना चाहते हैं। हमारा उद्देश्य किसी इतिहास पुरुष का अपमान करना नहीं हो सकता।
राणा सांगा की वीरता पर सवाल नहीं
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आगे लिखा है कि समाजवादी पार्टी मेवाड़ के राजा राणा सांगा की वीरता और राष्ट्रभक्ति पर सवाल नहीं कर रही। भाजपा ने इतिहास के कुछ विषयों को सदैव राजनीतिक लाभ उठाने के लिए और देश को धार्मिक व जातिगत आधार पर विभाजित करने के लिए इस्तेमाल किया है। हमारे सांसद (रामजी लाल सुमन) ने सिर्फ एक पक्षीय लिखे गये इतिहास और एक पक्षीय की गई व्याख्या का उदाहरण देने की कोशिश की है। हमारा कोई भी प्रयास राजपूत समाज या किसी अन्य समाज का अपमान करना नहीं है।
ऐतिहासिक घटनाओं पर लोकतांत्रिक व्यवस्था नहीं चल सकती
सपा अध्यक्ष ने कहा कि आज के समय में बीते कल यानि इतिहास की घटनाओं की व्याख्या नहीं की जा सकती। राज-काज के निर्णय अपने समय की परिस्थितियों की मांग के हिसाब से लिए जाते थे। इतिहास की घटनाओं के आधार पर आज की लोकतांत्रिक व्यवस्था नहीं चल सकती। भाजपा सरकार को अपनी भेदकारी आदत को सुधार कर जनता की रोजी-रोजगार, स्वास्थ्य और सुरक्षा पर कुछ ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा दरारवादी पार्टी है।