कमलानगर में देखते ही देखते ढहा दिए अवैध निर्माण

आगरा। कमलानगर क्षेत्र में घरों के बाहर सरकारी जमीन घेरकर पक्के निर्माणों पर नगर निगम का महाबली जमकर गरजा। उसने अपने पंजे से एक-एक कर सभी अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए।

Sep 24, 2024 - 22:26
 0
कमलानगर में देखते ही देखते ढहा दिए अवैध निर्माण

आज नगर निगम का महाबली ने लगभग एक दर्जन मकानों के आगे सरकारी भूमि पर की गई बाउंड्रीवाल धराशायी कर दिया। कार्रवाई के दौरान लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा थी। इस दौरान सड़क किनारे रखे जनरेटरों को भी हटवाया गया।

कमला नगर के ब्लॉक बी और डी में लगभग एक दर्जन लोगों ने अपने घरों के आगे सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे कर पक्के निर्माण करा लिए थे। इसकी शिकायत पर नगर निगम प्रशासन इनको एक साल से आगाह कर रहा था।इसके बावजूद लोगों द्वारा अवैध कब्जों को नहीं हटाया गया। 
इस पर गत दिवस अवैध निर्माणों पर लाल निशान लगाकर नोटिस चस्पा कर चेतावनी दी गयी । इसके बाद भी जब अवैध निर्माण नहीं हटाये गये तो आज नगर निगम के प्रवर्तन प्रभारी डा. अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में महाबली वहां पहुंचा और अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। 
हालांकि अतिक्रमणकारियों ने कार्रवाई का विरोध भी किया लेकिन वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके। इससे पूर्व आवास विकास के सेक्टर 4 और देहली गेट से भी निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाए।

SP_Singh AURGURU Editor