हाईकोर्ट में डॊ. अनुराग शुक्ल की याचिका पर अल्प सुनवाई, अगली तारीख 16 दिसंबर

  आगरा। आगरा कॊलेज के प्रिंसिपल पद से हटाने के फैसले को डॊ. अनुराग शुक्ल द्वारा हाईकोर्ट में दी गई चुनौती पर मंगलवार को अल्प सुनवाई ही हो सकी। अब यह मामला अगले सोमवार यानि 16 दिसंबर को सुना जाएगा। इधर कॊलेज प्रबंध समिति की अध्यक्ष ऋतु माहेश्वरी (मंडलायुक्त) ने भी कॊलेज में कार्यवाहक प्रिंसिपल नियुक्त करने की कवायद शुरू कर दी है।

Dec 11, 2024 - 12:42
 0
हाईकोर्ट में डॊ. अनुराग शुक्ल की याचिका पर अल्प सुनवाई, अगली तारीख 16 दिसंबर

- आगरा कॊलेज में कार्यवाहक प्रिंसिपल की नियुक्ति की कवायद भी शुरू

उत्तर प्रदेश उच्च शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज द्वारा प्रिंसिपल पद पर डा. अनुराग शुक्ल का अभ्यर्थन शून्य कर दिया गया था। इसके बाद प्रदेश के उच्च शिक्षा निदेशक ने प्राचार्य पद की आसन व्यवस्था को रिक्त घोषित कर दिया था। दूसरे शब्दों में कहा जाए तो डॊ. अनुराग शुक्ल का प्राचार्य पद पर चयन निरस्त कर दिया गया था।

डॊ. अनुराग शुक्ल ने आयोग और उच्च शिक्षा निदेशक के इसी फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी है। कल डॊ. शुक्ल की याचिका पर जस्टिस प्रकाश पहाड़िया की बेंच के समक्ष सुनवाई हुई। डॊ. शुक्ल की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक खरे ने डॊ. शुक्ल का पक्ष रखते हुए कहा कि वे उच्च न्यायालय के स्टे पर चल रहे हैं और इस बीच उनका अभ्यर्थन शून्य कर उन्हें पद से हटा दिया गया है।

इस पर न्यायमूर्ति पहाड़िया ने पूछा कि यह किसने किया है। जवाब में उत्तर प्रदेश उच्च शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से पेश अधिवक्ता ने कहा कि ये हमने किया है। ये इसलिए किया गया है क्योंकि डॊ.अनुराग शुक्ल द्वारा आयोग में लगाए गए दस्तावेज फर्जी पाए गए हैं।

न्यायमूर्ति पहाड़िया ने इस पर कहा कि इस मामले में कई प्रतिवादी हैं और उनके अधिवक्ता अभी यहां नजर नहीं आ रहे हैं, इसलिए वे इस मामले की सुनवाई के लिए 16 दिसंबर की तिथि नियत करते हैं।

कार्यवाहक प्रिंसिपल की कवायद

इधर आगरा कॊलेज प्रबंध समिति की अध्यक्ष ऋतु माहेश्वरी ने कॊलेज के रिक्त प्राचार्य पद पर कार्यवाहक प्रिंसिपल नियुक्त करने की कवायद शुरू कर दी है। प्रबंध समिति अध्यक्ष ने बीते कल एसीएम को बुलाकर कहा कि वे आगरा कॊलेज जाकर प्रिंसिपल ऒफिस खुलवाकर वहां से रिकॊर्ड लेकर आएं। वे कार्यवाहक प्रिंसिपल नियुक्त करने से पहले अध्ययन करना चाहती हैं। मंडलायुक्त के निर्देश पर एसीएम कॊलेज पहुंचे और कार्यवाहक प्रिंसिपल रह चुके डॊ. आरके श्रीवास्तव और बड़े बाबू को बुलाकर प्रिंसिपल ऒफिस से रिकॊर्ड मांगा, लेकिन इन दोनों ने ही कह दिया कि उनके पास चाबी नहीं है। इस पर एसीएम वापस लौट गए।

एसीएम आज सुबह कॊलेज खुलते ही फिर से रिकॊर्ड लेने के लिए कॊलेज पहुंच चुके थे। दोपहर 12 बजे बाद यही पता लगाया जा रहा था कि प्रिंसिपल ऒफिस की चाबी किसके पास है।

SP_Singh AURGURU Editor