आईपीएल का जादू आगरा में भी: जीआईसी ग्राउंड बनेगा क्रिकेट स्टेडियम, दो दिन चलेगा फैन पार्क का रोमांच
आगरा। क्रिकेट दीवानों के लिए बड़ी खुशखबरी! टाटा आईपीएल 2025 का रोमांच अब आगरा की धरती पर भी महसूस किया जा सकेगा। 24 और 25 मई को जीआईसी ग्राउंड में होने वाला आईपीएल फैन पार्क सिर्फ एक इवेंट नहीं, बल्कि एक क्रिकेट महोत्सव होगा, जहां जायंट स्क्रीन पर लाइव मैचों के साथ फैंस को मिलेगा स्टेडियम जैसा फील, चीयरिंग का शोर, चेहरे पर टीम कलर्स और हाथों में सीटियां।
-24-25 मई को होगी स्टेडियम जैसी चीयरिंग, बड़ी स्क्रीन पर लाइव मैच, मस्ती और मर्चेंडाइज का धमाल
क्रिकेट प्रेमियों के लिए ख़ुशी की बात है कि इस बार टाटा आईपीएल 2025 अपने पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ने को तैयार है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आईपीएल फैन पार्क का आयोजन इस बार पहले से कहीं ज्यादा भव्य, जोशीला और दिलचस्प होने वाला है।
ये सब कुछ होगा खास फैन पार्क में?
-जायंट स्क्रीन पर लाइव आईपीएल मुकाबले।
-फेस पेंटिंग, चीयरिंग ज़ोन और सेल्फी प्वॉइंट्स।
-फ्री एंट्री, ताकि हर फैन हिस्सा बन सके,
-फूड स्टॉल्स, म्यूज़िक और मर्चेंडाइज स्टॉल्स।
आईपीएल स्पॉन्सर्स की स्पेशल एक्टिविटीज़
50 शहरों में हो रहा आयोजन, आगरा भी शामिल
बीसीसीआई इस साल देशभर के 50 प्रमुख शहरों में फैन पार्क आयोजित कर रहा है, जिससे हर कोना आईपीएल के रंग में रंग सके। आगरा को इस लिस्ट में शामिल करना यहां के क्रिकेट प्रेमियों की दीवानगी का सम्मान है।
आयोजकों का उत्साह चरम पर
डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन आगरा के अध्यक्ष सुनील जोशन ने बताया कि हमने शहर के युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक खास माहौल तैयार किया है। इस बार आईपीएल का जोश जीआईसी ग्राउंड में स्टेडियम जैसा महसूस होगा।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के आजीवन सदस्य पूरन डावर ने कहा, इस तरह के आयोजन न केवल मनोरंजन देते हैं, बल्कि शहर में खेल संस्कृति को मजबूत भी करते हैं। युवाओं के लिए यह प्रेरणादायक होगा।