बरेली में दस हजार की रिश्वत लेते सींच पर्यवेक्षक रंगे हाथ गिरफ्तार, भ्रष्टाचार निवारण संगठन की कार्रवाई

बरेली में भ्रष्टाचार निवारण संगठन की ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए बाढ़ खण्ड कार्यालय के सींच पर्यवेक्षक ऋषि कुमार सिंह को 10,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कृषि भूमि के मुआवजे के बदले रिश्वत मांगने की शिकायत पर टीम ने त्वरित कार्रवाई कर अधिकारी को पकड़ लिया।

Dec 12, 2025 - 20:02
 0
बरेली में दस हजार की रिश्वत लेते सींच पर्यवेक्षक रंगे हाथ गिरफ्तार, भ्रष्टाचार निवारण संगठन की कार्रवाई
रिश्वत लेते गिरफ्तार पर्यवेक्षक ऋषि कुमार सिंह।

-रमेश कुमार सिंह

बरेली। भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली की ट्रैप टीम ने शुक्रवार को बाढ़ खण्ड कार्यालय, सिविल लाइन्स में तैनात सींच पर्यवेक्षक ऋषि कुमार सिंह को 10,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। शिकायतकर्ता द्वारा अपनी पुत्री की कृषि भूमि के मुआवजे के बदले रिश्वत मांगने की सूचना मिलते ही टीम ने नियमानुसार ऑपरेशन चलाया।

शिकायतकर्ता दिलीप अग्रवाल, निवासी फ्रेंन्डस अपार्टमेंट, साल्वेशन आर्मी रोड, बरेली ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन को बताया कि सींच पर्यवेक्षक ऋषि कुमार सिंह मुआवजे की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए 10,000 रुपए की रिश्वत मांग रहे हैं।

टीम ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए तत्काल ट्रैप प्लान तैयार किया और निरीक्षक इश्तियाक वारसी के नेतृत्व में संयुक्त रूप से कार्रवाई शुरू की। तय स्थान एसबीआई एटीएम के सामने (सड़क किनारे, कस्बा व तहसील मीरगंज के पास) आरोपी को चिह्नित राशि लेते ही दबोच लिया गया।

जांच अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ऋषि कुमार सिंह को निर्धारित 10,000 रुपए की रिश्वत लेते ही धर दबोचा गया। बरामद रकम को टीम ने मौके पर सील किया और आरोपी को हिरासत में लिया।

ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक इश्तियाक वारसी ने बताया कि सुसंगत प्रमाण मिलने के बाद आरोपी सींच पर्यवेक्षक के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की आवश्यक धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। पूरा मामला थाना सीबीगंज, जनपद बरेली में पंजीकृत किया जा रहा है।

SP_Singh AURGURU Editor