शाहजहांपुर का जलालाबाद अब परशुरामपुरी, केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद के प्रयास रंग लाए
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जनपद के अंतर्गत जलालाबाद कस्बे का नाम बदल दिया गया है। अब यह स्थान परशुरामपुरी के नाम से जाना जाएगा। भगवान परशुराम की जन्मस्थली होने के कारण जलालाबाद का नाम बदलकर परशुरामपुरी किया गया है।
केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद के प्रयासों से जलालाबाद का नाम बदलकर परशुरामपुरी किया गया है। जितिन प्रसाद शाहजहांपुर से ही ताल्लुक रखते हैं। भगवान परशुराम की जन्मस्थली का नाम उनके नाम पर करने के लिए ब्राह्मण समाज द्वारा लंबे समय से मांग की जा रही थी। इसकी पैरोकारी केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद द्वारा भी की जा रही थी।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जलालाबाद का नाम बदलकर परशुरामपुरी किए जाने के संबंध में यूपी के मुख्य सचिव को भी जानकारी भेज दी है।
केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने जलालाबाद का नाम परशुरामपुरी किए जाने पर खुशी जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रति हार्दिक आभार प्रकट किया है और कहा है कि इस निर्णय ने सम्पूर्ण सनातनी समाज को गर्व का क्षण प्रदान किया है। उन्होंने भगवान परशुराम के चरणों में भी कोटि-कोटि नमन किया है।
आगरा के वरिष्ठ नेता और ब्राह्मण चेतना मंच से जुड़े अशोक पांडेय ने भगवान परशुराम की जन्मस्थली का नाम उन्हीं के नाम पर किए जाने पर खुशी प्रकट करते हुए इसके लिए केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद के प्रयासों के लिए उनका आभार जताया है।