जनकपुरी महोत्सव 2026 होगा ऐतिहासिक: हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कर होगी राम बरात की अगवानी, 16 हजार वर्गमीटर में बनेगा भव्य जनक महल
आगरा। जनकपुरी महोत्सव 2026 इस वर्ष भव्यता, दिव्यता और आधुनिक व्यवस्थाओं के नए आयाम स्थापित करने जा रहा है। पहली बार भावना एस्टेट रोड पर साकार होने वाली मिथिला नगरी में 16 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में विशाल जनक महल का निर्माण होगा। चार भव्य प्रवेश द्वार, रामायणकालीन झांकियां, एकरूप थीम पर सजे स्टॉल, आकर्षक विद्युत सज्जा और श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाएंगी। सबसे बड़ा आकर्षण यह रहेगा कि प्रशासन से अनुमति मिलने पर भगवान श्रीराम की बरात के मिथिला नगरी में प्रवेश के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की जाएगी।
जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति 2026 की बैठक में आयोजन की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई। समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार (राजू यादव) ने बताया कि इस बार महोत्सव को ऐसा स्वरूप दिया जा रहा है, जो उत्तर भारत ही नहीं बल्कि विश्व स्तर पर भी अपनी अलग पहचान बनाएगा।
उन्होंने बताया कि कावेरी कौस्तुभ अपार्टमेंट के निकट लगभग 16 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में भव्य जनक महल का मुख्य मंच तैयार किया जाएगा। इस पावन कार्य के लिए मनमोहन अग्रवाल और संजीव अग्रवाल ने अपनी भूमि आयोजन समिति को उपलब्ध कराई है। वर्तमान में मंच की रूपरेखा और निर्माण को लेकर विशेषज्ञों के साथ मंथन किया जा रहा है।
राजीव कुमार ने बताया कि जनकपुरी क्षेत्र में प्रवेश के लिए चार भव्य मुख्य द्वार बनाए जाएंगे। पहला द्वार सावित्री देवी पुरुषोत्तम दास कैंसर हॉस्पिटल रोड, दूसरा भावना एस्टेट, तीसरा के.के. नगर तथा चौथा गुरुद्वारा मार्ग की ओर बनाया जाएगा। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के लिए अलग विशेष प्रवेश द्वार रहेगा। उनके आवागमन की सुविधा के लिए गोल्फ कार्ट उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हर वर्ष लाखों श्रद्धालु जनकपुरी महोत्सव में पहुंचते हैं। इसे देखते हुए इस बार प्रवेश और निकास मार्गों की विशेष योजना तैयार की जा रही है, ताकि आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस सहित अन्य आवश्यक वाहन आसानी से आवागमन कर सकें। चारों प्रमुख मार्गों पर प्रतीक्षालय (वेटिंग रूम) भी बनाए जाएंगे, जिससे वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को सुविधा मिल सके।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं को बेहतर खानपान की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आगरा के प्रतिष्ठित रेस्टोरेंट्स के स्टॉल लगाने का भी प्रयास किया जा रहा है।
मीडिया प्रभारी राणा सुशील सिंह ने बताया कि जनक महल के अलावा प्रत्येक प्रवेश द्वार के निकट रामायणकालीन विशेष झांकियां स्थापित की जाएंगी। पूरा जनकपुरी क्षेत्र आकर्षक विद्युत सज्जा से दुल्हन की तरह सजाया जाएगा और आसपास के घरों को भी उसी थीम के अनुरूप सजाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी स्टॉलों का आवंटन आयोजन समिति करेगी तथा उनकी सजावट की जिम्मेदारी भी समिति स्वयं निभाएगी, ताकि पूरे परिसर में एकरूपता और सौंदर्य बना रहे।
कार्यकारी अधिकारी संजय गोयल एवं मुख्य संरक्षक मनोज बंसल ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम की बहन शांता और उनके पति श्रृंगी ऋषि के जीवन से परिचित कराने के लिए विशेष भव्य झांकी तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि श्रृंगी ऋषि का आश्रम आगरा जनपद में स्थित होने के बावजूद अधिकांश लोगों को इसकी जानकारी नहीं है। महोत्सव के माध्यम से इस धार्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आयोजन की सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए लगातार मंथन जारी है और प्रशासन की अनुमति मिलने के बाद अंतिम निर्णय लागू किए जाएंगे।
महिला समिति का गठन
बैठक में महिला समिति की नई कार्यकारिणी की घोषणा भी की गई। अमृता पोरवाल ने महिला समिति की अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया।
कार्यकारिणी में डॉ. रुचि चतुर्वेदी को मंच संचालन एवं मंच व्यवस्था प्रमुख, आरती शर्मा को मुख्य संरक्षक, सूची खंडेलवाल को मुख्य संयोजक, शीतल अग्रवाल को मुख्य कार्यकारी अधिकारी, एकता बंसल को उपाध्यक्ष, सीमा सिंह को महामंत्री, दीप्ति नरेंद्र अग्रवाल को कोषाध्यक्ष तथा मिसी यादव एवं शालिनी पोरवाल को समन्वयक बनाया गया।
कोर कमेटी को सौंपी गई जिम्मेदारियां
आयोजन समिति की कोर कमेटी में संतोष कटारा को मुख्य संरक्षक, संजय गोयल को मुख्य कार्यकारी अधिकारी, मनोज बंसल को मुख्य संयोजक, धर्मेश जैन को मुख्य समन्वयक, अंकुश मित्तल को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, आकाश गोयल ग्वाला को कोषाध्यक्ष तथा राणा सुशील सिंह को मीडिया प्रभारी बनाया गया।
इसके अलावा निमित पोरवाल, कपिल पोरवाल, विश्वनाथ जुनेजा, अखिलेश दुबे, मनोज जादौन, पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी, साहूकार उपाध्याय, गर्वित ठुकराल, मनीष राजपाल, डॉ. गजेंद्र सिंह तोमर, नरेश सिंह जादौन, ऋषि खंडेलवाल, सुनील पाठक, नरेंद्र शर्मा एवं प्रभाकर शर्मा को भी कोर कमेटी में शामिल किया गया।
आयोजन समिति का दावा है कि इस बार का जनकपुरी महोत्सव श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आस्था, सांस्कृतिक वैभव और आधुनिक व्यवस्थाओं का अनूठा संगम प्रदान करेगा तथा आगरा के धार्मिक आयोजनों में नया इतिहास रचेगा।