आगरा में ज्वेलर्स चोरी का खुलासा : मुठभेड़ में चोर अंकुश के पैर में लगी गोली, ज्वेलरी बरामद
आगरा। कालिंदी विहार सौ फुटा रोड स्थित ज्वैलर्स की दुकान का शटर काटकर लाखों रुपये के आभूषण चोरी करने वाले शातिर चोर को पुलिस ने चार दिन के भीतर ही दबोच लिया। बुधवार देर रात थाना ट्रांस यमुना पुलिस और चोर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में चोर अंकुश पुत्र कांतिलाल निवासी कटरा वज़ीर खान थाना एत्मादुद्दौला के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत पकड़कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
गौरतलब है कि 23 अगस्त की रात कालिंदी विहार 100 फुटा रोड स्थित कृष्णा पैलेस में मां पीतांबरा ज्वेलर्स की दुकान का शटर काटकर करीब ढाई लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात व सामान चोरी कर लिया गया था। आरोपी घटना के दौरान सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ, लेकिन चादर से चेहरा ढंकने के कारण उसकी पहचान तुरंत नहीं हो पाई थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी का पता लगाकर घेराबंदी की।
एसीपी छत्ता ने बताया कि पुलिस को देखते ही अंकुश ने भागने का प्रयास किया और बचने के लिए पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस की गोली अंकुश के पैर में जा लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से 01 अवैध तमंचा, 01 जिंदा व 02 खोखा कारतूस, .315 बोर की बंदूक, चोरी की ज्वैलरी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की। बरामद माल में सफेद व पीली धातु के कीमती आभूषण शामिल हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ कर अन्य वारदातों की जानकारी जुटाई जा रही है।