अभिनय के रंगों में सजी रामकथा से सामाजिक चेतना तक की यात्रा, वनबंधु परिषद ने दिया सांस्कृतिक संदेश

आगरा। वनबंधु परिषद आगरा चैप्टर के 35वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर आयोजित “अंतरमहाविद्यालयी नाट्य मंचन प्रतियोगिता-2025” के प्रथम दिन का ऑडिशन शनिवार को सूरसदन प्रेक्षागृह में संपन्न हुआ। इस मंचन में आगरा के आठ प्रमुख महाविद्यालयों की टीमों ने भाग लिया और अपने प्रभावशाली अभिनय से दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

Nov 8, 2025 - 21:10
 0
अभिनय के रंगों में सजी रामकथा से सामाजिक चेतना तक की यात्रा, वनबंधु परिषद ने दिया सांस्कृतिक संदेश
वनबंधु परिषद के “अंतरमहाविद्यालयी नाट्य मंचन प्रतियोगिता-2025 में प्रस्तुति देते कलाकार ।

आगरा। वनबंधु परिषद आगरा चैप्टर के 35वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर आयोजित “अंतरमहाविद्यालयी नाट्य मंचन प्रतियोगिता-2025” के प्रथम दिन का ऑडिशन शनिवार को सूरसदन प्रेक्षागृह में संपन्न हुआ। इस मंचन में आगरा के आठ प्रमुख महाविद्यालयों की टीमों ने भाग लिया और अपने प्रभावशाली अभिनय से दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ संस्था के अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार सिंघल ने किया। उन्होंने बताया कि नाट्य मंचन की थीम रामायण, महाभारत और देश की समसामयिक समस्याओं पर आधारित रखी गई है, जिससे युवा वर्ग सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ सके।

प्रतियोगिता में संतराम कृष्ण कन्या महाविद्यालय की टीम ने छूआछूत और जातीय भेदभाव पर प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत किया। आगरा कॉलेज के छात्रों ने “धर्म का खेल” के माध्यम से वनवासी और आदिवासी क्षेत्रों में हो रहे अवैध धर्मांतरण के दुष्परिणामों को उजागर किया। ईशान कॉलेज के कलाकारों ने महाभारत के नायक श्रीकृष्ण की लीलाओं का मनमोहक मंचन किया। सेंट जॉन्स कॉलेज, बीडी जैन कन्या महाविद्यालय और बीवीआरआई बिचपुरी की टीमों ने रामायण के विभिन्न प्रसंगों का प्रभावशाली चित्रण किया। केंद्रीय हिंदी संस्थान के नाटक ने धार्मिक असहिष्णुता पर करारा प्रहार करते हुए राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। आरबीएस कॉलेज ने “सपनों का सौदा” नाटक के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं में भ्रष्टाचार पर तीखा व्यंग्य किया।

निर्णायक मंडल में पंकज सक्सेना, नीता तिवारी और मनु शर्मा शामिल रहे। सचिव जगदीश प्रसाद बंसल ने बताया कि 9 नवंबर (रविवार) को फाइनल नाट्य प्रस्तुति होगी, जिसमें सभी प्रतिभागी टीमों को ₹10,000 का सांत्वना पुरस्कार मिलेगा। कार्यक्रम का संचालन उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक गोविंद प्रसाद अग्रवाल ने किया तथा आभार उपाध्यक्ष राजेश वर्मा ने व्यक्त किया।

इस अवसर पर राम रतन मित्तल, रवि अग्रवाल, हरिओम अग्रवाल, दीपक कुमार अग्रवाल, डॉ. जी.एस. जैन, सलिल गोयल, श्रीकिशन मिश्रा, प्रो. अमित अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। महिला समिति से लता जैन, सुमन जैन, शालिनी गर्ग, अनु अग्रवाल, सुमन अग्रवाल, सुधा अग्रवाल एवं रामेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। फाइनल प्रस्तुति के लिए चयनित शीर्ष तीन टीमें 9 नवंबर को सूरसदन प्रेक्षागृह में अपनी अंतिम प्रस्तुति देंगी।