कंगना के वकीलों ने मांगी रिवीजन की प्रति, 11 जुलाई को होगी अगली सुनवाई
आगरा। फिल्म अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत के विरुद्ध राष्ट्रद्रोह और किसानों के अपमान के आरोपों से जुड़े मामले में आज जिला न्यायालय में सुनवाई हुई। इस दौरान कंगना की ओर से सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता अनुसूया चौधरी और स्थानीय अधिवक्ता विवेक शर्मा ने अपना वकालतनामा प्रस्तुत करते हुए जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा। अदालत ने इसे स्वीकार कर अगली सुनवाई की तारीख 11 जुलाई 2025 नियत की है।
आज की कार्यवाही में कंगना के अधिवक्ताओं ने अदालत से रिवीजन की प्रति मांगी, ताकि जवाब तैयार किया जा सके। कोर्ट के निर्देश पर वादी पक्ष के वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने रिवीजन की प्रति कंगना के अधिवक्ताओं को प्रदान की।
ज्ञात हो कि 11 सितंबर 2024 को विशेष न्यायालय (एमपी/एमएलए), न्यायाधीश अनुज कुमार की अदालत में वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा द्वारा कंगना रनौत के विरुद्ध देशद्रोह और किसानों के अपमान को लेकर आपराधिक वाद दायर किया गया था। लगभग नौ माह तक चली सुनवाई के बाद विशेष न्यायालय ने उक्त वाद को खारिज कर दिया था।
इसके पश्चात वादी अधिवक्ता शर्मा ने इस आदेश के विरुद्ध जिला न्यायाधीश संजय कुमार मलिक की अदालत में रिवीजन याचिका दायर की, जिसे पोषणीय मानते हुए स्वीकार कर कंगना को नोटिस भेजे गए। कंगना को भेजे गए नोटिस उनके कुल्लू (हिमाचल प्रदेश), लोकसभा भवन (दिल्ली) तथा 14 जनपथ (दिल्ली) स्थित आवास पर रिसीव कर लिए गए हैं।
वादी पक्ष के अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने बताया कि हमने विधिक तरीके से रिवीजन प्रस्तुत किया था, जिसे माननीय न्यायालय ने स्वीकार कर लिया है। अब कंगना की ओर से जवाब आने के बाद आगे की विधिक प्रक्रिया चलेगी।