आगरा में कन्हैयालाल अग्रवाल का नेत्रदान, दो अंधकारमय ज़िंदगियों में आएगी नई रोशनी

कमलानगर निवासी 85 वर्षीय कन्हैयालाल अग्रवाल के निधन के उपरांत किए गए नेत्रदान ने दो अंधकारमय ज़िंदगियों को नई रोशनी देने का मार्ग प्रशस्त कर दिया है। परिवार द्वारा उनकी अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए नेत्रदान प्रक्रिया पूरी कराई गई।

Nov 23, 2025 - 21:27
 0
आगरा में कन्हैयालाल अग्रवाल का नेत्रदान, दो अंधकारमय ज़िंदगियों में आएगी नई रोशनी
स्व. कन्हैया लाल अग्रवाल।

आगरा। कमलानगर निवासी कन्हैयालाल अग्रवाल (85) का रविवार को निधन हो गया। जीवनकाल में नेत्रदान का संकल्प लेने वाले कन्हैयालाल की इच्छा का सम्मान करते हुए उनके परिवारीजनों ने नेत्रदान प्रक्रिया पूरी कराने के लिए हेल्प आगरा टीम से संपर्क किया।

सूचना मिलते ही एसएन मेडिकल कॊलेज की नेत्र विभागाध्यक्ष डॉ. स्निग्धा सेन और नेत्र बैंक इंचार्ज डॉ. शेफाली मजूमदार के निर्देशन में डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने ग्रीफ काउंसलर दीपक शर्मा के सहयोग से समयबद्ध और सुचारू रूप से नेत्रदान की पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई।

हेल्प आगरा के महामंत्री गौतम सेठ, नेत्रदान प्रभारी प्रतीक जैन और मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने परिवार की इस मानव सेवा भावना की सराहना करते हुए समाज से मृत्योपरांत नेत्रदान को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक नेत्रदान दो लोगों की ज़िंदगी में नई रोशनी ला सकता है, इसलिए सभी को इस महान कार्य के लिए प्रेरित होना चाहिए।

नेत्रदान से संबंधित जानकारी या प्रक्रिया के लिए हेल्प आगरा ने 9310111000 पर संपर्क करने का निवेदन किया है।

SP_Singh AURGURU Editor