कांवड़ यात्रा 2025: बरेली रेंज में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त, छह हजार पुलिसकर्मी होंगे तैनात
बरेली। श्रावण मास के दौरान उत्तर प्रदेश के बरेली परिक्षेत्र में कांवड़ यात्रा 2025 को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए विशाल सुरक्षा बल और ट्रैफिक प्रबंधन की व्यवस्था की गई है।
पुलिस उप महानिरीक्षक अजय कुमार साहनी ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस में जानकारी दी कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर 6,000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे और पूरे रेंज को 08 सुपर जोन, 26 जोन, 78 सेक्टर और 218 सब सेक्टरों में विभाजित किया गया है।
बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर जिलों को शामिल करते हुए यह सुरक्षा योजना तैयार की गई है। कांवड़िए मुख्यतः हरिद्वार, कछला (बदायूं) और गढ़ गंगा से जल लेकर विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक करते हैं।
DIG अजय कुमार साहनी ने बताया कि सुरक्षा के लिए न केवल स्थानीय बल बल्कि PAC की 07 कंपनियां, RAF की 01 कंपनी, फ्लड PAC की 02 प्लाटून और ड्रोन निगरानी की भी व्यवस्था की गई है।
प्रमुख प्रबंध व दिशा-निर्देश
महिला कांवड़ियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं रहेंगी। कांवड़ की ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होगी। सभी शिविरों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य, कांवड़ियों को पहचान पत्र रखना होगा। गंगा घाटों पर फ्लड पीएसी, नाव और गोताखोरों की व्यवस्था रहेगी। यात्रा मार्गों पर मांस की दुकानें बंद, आवश्यक आपूर्ति वाले वाहनों को विशेष पास दिए जाएंगे। होटल/रेस्टोरेंट पर रेट लिस्ट और क्यूआर कोड अनिवार्य होंगे। सभी रोडवेज बसों व भारी वाहनों के वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
सुरक्षा के साथ-साथ ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी निगरानी, सार्वजनिक समन्वय बैठकों और हर कांवड़ संघ के लिए एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति कर सुनिश्चित किया गया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था और यातायात पूरी तरह नियंत्रण में रहे।
डीआईजी ने बताया कि उत्तराखंड से भी समन्वय बैठक कर राज्य स्तरीय संपर्क स्थापित कर लिया गया है ताकि सीमावर्ती यात्री मार्गों पर भी पूरी सजगता रखी जा सके।