धर्माचार्यों को निशाना बनाया जा रहा, मीरा राठौर पर मुकदमा दर्ज कराएगा अंतरराष्ट्रीय हिन्दू महासंघ
आगरा/मथुरा। वृंदावन के कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के विरुद्ध दायर परिवाद को लेकर अंतर्राष्ट्रीय हिंदू महासंघ, उत्तर प्रदेश ने आगरा के तथाकथित ‘केसरिया गैंग’ पर धर्माचार्यों को बदनाम करने और न्यायिक प्रक्रिया का दुरुपयोग करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महासंघ ने स्पष्ट किया है कि इस पूरे प्रकरण में वह कथावाचक के साथ खड़ा है और तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई करेगा।
मथुरा स्थित वृंदावन के गौरी गोपाल वृद्धा आश्रम में कथावाचक अनिरुद्धाचार्य से आगरा के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुलाकात की। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय हिन्दू महासंघ भारत के प्रदेश महामंत्री गोपाल सिंह चाहर, हनुमान सेना के राष्ट्रीय संयोजक अमित चौधरी, महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र धाकड़ तथा इंकलाब सेना के प्रमुख धर्मेंद्र शर्मा सहित दर्जनभर कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदेश महामंत्री गोपाल सिंह चाहर ने कहा कि पूर्व में महाराज जी के एक कथन को लेकर देशभर में विवाद और राजनीतिक बयानबाज़ी हुई थी, जिस पर उन्होंने सार्वजनिक रूप से देश की महिलाओं से क्षमा याचना कर ली थी। आरोप है कि इसी प्रसंग का लाभ उठाते हुए आगरा की हिन्दू महासभा की जिलाध्यक्ष मीरा राठौर ने मथुरा न्यायालय में परिवाद दाखिल कराया है।
संगठनों के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि मीरा राठौर स्वयं की पृष्ठभूमि देखनी चाहिए। उनके विरुद्ध थाना एत्मादुद्दौला में चौथ वसूली का मुकदमा संख्या 131/2025 दर्ज है और वे पूर्व में जेल भी जा चुकी हैं। किसी पर आरोप लगाने से पहले उन्हें अपने आपराधिक इतिहास का आकलन कर लेना चाहिए।
नेताओं ने बताया कि अनिरुद्धाचार्य जी द्वारा वृद्ध माताओं की नियमित देखभाल, चौबीसों घंटे चलने वाली रसोई, व्यापक गौशाला संचालन और सामाजिक प्रकल्प निरंतर संचालित किए जा रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय हिन्दू महासंघ ने स्पष्ट किया कि वह न्यायालय में कथावाचक के पक्ष में ठोस साक्ष्य प्रस्तुत करेगा और मीरा राठौर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सभी संगठनों ने एक स्वर में कहा कि धर्माचार्यों को निशाना बनाने की साजिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।