मोक्षदा एकादशी पर आगरा में खाटू श्याम का दिव्य फूल बंगला: जीवनी मंडी मंदिर में उमड़ा आस्था का सागर

मोक्षदा एकादशी के शुभ पर्व पर जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में श्रद्धालुओं को स्वर्णिम अवतरण जैसा दिव्य दर्शन प्राप्त हुआ। विशेष फूल बंगला श्रृंगार में सजे बाबा श्याम के मनोहर रूप ने भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। सुबह से देर रात तक मंदिर आस्था, भक्ति और जयकारों से गूंजता रहा।

Dec 1, 2025 - 20:10
 0
मोक्षदा एकादशी पर आगरा में खाटू श्याम का दिव्य फूल बंगला: जीवनी मंडी मंदिर में उमड़ा आस्था का सागर
जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में मोक्षदा एकादशी पर दिव्य फूल बंगला श्रृंगार में दर्शन देते श्याम बाबा।

खाटू श्याम मंदिर जीवनी मंडी में मोक्षदा एकादशी के मौके पर उमड़े श्रद्धालु।

आगरा। सोमवार को मोक्षदायिनी मोक्षदा एकादशी के अवसर पर जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में भव्य फूल बंगला श्रृंगार का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे पुष्पों से सजे दिव्य स्वरूप ने मंदिर परिसर को अलौकिक आभा से भर दिया। हारे की सहारी, बाबा श्याम हमारा.. के जयकारे पूरे दिन गूंजते रहे और श्रद्धालु दर्शन को उमड़ते रहे।

मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि इस शुभ दिन पर श्रृंगार सेवा, राजभोग और संध्या भोग सेवा विधिवत सम्पन्न की गईं। पोशाक सेवा रेनू गुप्ता, इत्र सेवा सचिन चाहर ने की। इन सेवाओं से श्रृंगार की दिव्यता और भी निखर उठी।

अध्यक्ष ने बताया कि 2 दिसंबर को बाबा की बारस की ज्योत के दर्शन सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक मंदिर के एसी हॉल में होंगे। जो श्रद्धालु अपने घर पर ज्योत प्रज्ज्वलित नहीं कर पाते, वे मंदिर में आकर इन दिव्य ज्योतियों का लाभ उठा सकते हैं। यह लगातार तीसरे वर्ष है जब भक्त मंदिर में बारस की ज्योत के दर्शन कर सकेंगे। इस बार यह 40वीं जोत होगी।

मोक्षदा एकादशी के पावन पर्व पर फूल बंगला श्रृंगार में श्याम बाबा के अद्भुत दर्शन ने भक्तों को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। मंदिर परिसर पूरे दिन भक्ति और शांति से आलोकित रहा। व्यवस्थाओं में संजय अग्रवाल, विपिन बंसल, विकास गोयल आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

SP_Singh AURGURU Editor